४ . मूंग की छिलके वाली हरे रंग की दाल -
सामग्री - एक कप मूंग की दाल , २ कप पानी , नमक आधा चाय का चम्मच, हल्दी चौथाई चाय का चम्मच , लाल मिर्च का पाउडर आधा चाय का चम्मच, अदरक का टुकड़ा, हरा धनिया , गर्म मसाला, हींग एक चुटकी भर, जीरा आधा चाय का चम्मच, दो चाय के चम्मच असली घी ।
विधि - दाल को दो-तीन बार धो लिया । फिर धुली दाल को प्रेशर कुकर में डाल दिया । उसमें दो कप पानी डाल दिया और नमक, हल्दी और अदरक के बारीक टुकड़े डाल के तीन -चार सीटी लगाईं । ठंडा होने पर दाल का गाढ़ापन ऐसा हो कि प्लेट में डालने पर पानी अलग होकर बहे नहीं । दाल गली हो और घुली- मिली हो । अब दाल में छौंक लगाया । पेन में घी डाला , गर्म होने पर हींग और जीरा डाला । जीरा लाल होने पर गैस बंद कर दिया और लाल मिर्च डाल दी । फिर डाल को परोसने वाले बर्तन में डाल दिया और छौंक को दाल में डाल दिया । इसके साथ ही कटा बारीक हरा धनिया और गर्म मसाला डाल दिया ।
तैयार होने का समय - इसे बनाने में करीब आधा घंटा लगता है ।
नोट - इस दाल के साथ सूखे जीरा आलू , करेले की सब्जी, भिण्डी, सूखी अरबी , मेथी की सब्जी अच्छी लगती है । साथ में फुल्के, चपाती और सादे पराठें अच्छे लगते हैं । दाल को अलग-अलग तरह से बनाने के लिए उबालते समय इसमें लौकी , गाजर , आलू डाल सकते हैं । लौकी के साथ और कोई सब्जी न डालें , गाजर के साथ आलू डाल सकते हैं । इससे दाल की पौष्टिकता तो बढ़ती ही है , साथ में उसका स्वाद भी बढ़ जाता है ।