Friday, 6 May 2016

Important things about the cooking and food items

खाना बनाने और खाने की चीजों के संबंध में कुछ महत्त्वपूर्ण बातें या तरीके - 

१. टमाटर काँटे से पकड़कर भूनकर छील सकते हैं । 
२. जैम में १ चाय का चम्मच ग्लिसरीन डालने से उसका अच्छा स्वाद आता है । 
३. आलू की कचौड़ी में मसाले में बेसन डालने से कचौड़ी फूटेगी नहीं । 
४. नींबू  को आधा घंटा गुनगुने पानी में रखने से रस अधिक निकलता है । 
५. कुकर में थोड़ा टुकड़ा नीबू का पानी डालकर प्रेशर दें और फिर विम से साफ करें तो वह चमक जाएगा । 
६. आमलेट में कच्चा दूध व बेसन डालने से अधिक कुरकुरा बनता है । 
७. जार में शक्कर डालकर मीठे बिस्कुट रखें तो वे कुरकुरे रहेंगे । 
८. जले हुए घी  में आलू का टुकड़ा डालें और गर्म करें तो घी साफ हो जाएगा । 
९. मीठी चीज में कपूर रखने से चींटी नहीं आतीं । 
१०. जीभ के छाले पर हरा धनिया पीसकर उसका रस लगाएँ । 
११. बदबूदार  थर्मस के लिए सिरका डालकर उसमें रखें और ठंडे पानी से धो लें । 
१२. चाँदी के बरतन चमकाने के लिए उबले आलू के पानी में उन्हें रख दें । 
१३. सब को उबालते समय २ बून्द नींबू का रस डाल दें । 
१४. जले एल्युमिनियम के बर्तन को प्याज उसमें उबाल कर साफ करें । 
१५. भुनी सौंफ चबाने से पेट दर्द कम होता है । 
१६. लू  लगने पर बताशे में ८-१० सौंफ का रस डालकर दो -दो घंटे बाद दें । 
१७. कब्ज़ के लिए गुनगुने पानी के साथ रात को सौंफ लें । 
१८. खट्टी डकारों के लिए मिश्री के साथ २-३ बार सौंफ खाएं । 
१९. चिकने बर्तन पर पहले आटा लगाएँ बाद में पाउडर से धोएँ । 
२०. जले दूध में ठंडा होने से पहले थोड़ा नमक व चीनी डाल दें , स्वाद ठीक हो जाएगा । 
२१. चिटका अंडा उबालने के लिए पानी में सिरका डाल उबालें । 
२२. किसी भी चीज के मीठे अचार में १० लौंग मिलाने से वह खराब नहीं होगा । 
२३. पिसी लाल मिर्च में नमक मिला देने से वह खराब नहीं होती । 
२४. गेहूँ  सुरक्षित रखने के लिए नीचे और  ऊपर नीम की पत्तियाँ रखें । 
२५. सब्ज़ी को बरसात में नमक घुले पानी में १/२ घंटा रखें फिर धोकर पकाएँ । 
२६. मनी प्लांट के गमले में सब्ज़ी के छिलके या चाय के बची पत्ती डालने से पुष्ट आकर के पत्ते आते हैं । 
२७. पेट के ज़हर को निकालने के लिए राई का १ ग्राम चूर्ण ठंडे  पानी में मिलाइए । उलटी हो जाएगी । 
२८. नीबू के टुकड़े पर मिश्री का चूर्ण डालकर चूसने से उलटी हो सकती है । 
२९. स्टील के बर्तन सिरके से चमका सकते हैं ।  

175. Khoye Ke Gulab Jamun 176. Bread Ke Gulab Jamun 177. Moong Ki Dal Ka Halwa

175. Khoye Ke Gulab Jamun  खोये के गुलाब जामुन 

सामग्री - २५० ग्राम खोया , ४ चम्मच मैदा , ७५० ग्राम चीनी , मिश्री थोड़ी सी , घी , इलायची , गुलाब जल , थोड़ा दूध , थोड़ा सोडा, तेल  । 

विधि - खोये को अच्छी तरह से मसलें । मैदा और सोडा  मिलाकर मसलें ।थोडा दूध डालकर धीरे धीरे गूंथें नरम हाथों से ।  फिर  छोटी छोटी लोई बनाते समय उसके बीच में थोड़ी मिश्री रखती जाएँ । सारे गुलाब जामुन बन जाने पर कढ़ाई में घी गर्म करें । गैस मध्यम कर कढ़ाई के किनारे से गुलाब जामुन छोड़ें और फिर धीमी आँच पर लाल चारों तरफ से होने तक तल लें ।  
पहले से ही एक तार की चाशनी तैयार कर लें । ७५० ग्राम चीनी में २ कप पानी डालकर तब तक उबालें जब तक की उंगलियों में उसे लेने पर एक तार न बन जाए । 
इस चाशनी में लाल तले हुए गुलाब जामुन छोड़ती जाएँ । परोसते समय या तो इलायची पाउडर या फिर गुलाब जामुन डालकर दें । 


176. Bread Ke Gulab Jamun  

सामग्री - आठ बड़े ब्रेड के स्लाइस , दूध उतना जिसमें स्लाइस डूब जाएँ , सूजी आटा बनाने के लिए , मिश्री, घी , इलायची , ५०० ग्राम चीनी । 
विधि - स्लाइसों को दूध में डुबो दें । फूल जाने पर सूजी डालकर आटा गूँथ लें । बाकी विधि खोये के गुलाब जामुन की तरह है । 

177. Moong Ki Dal Ka Halwa मूंग की दाल का हलवा

सामग्री - मूंग की दाल १ कप , १/४  किलो दूध , घी २०० से २५० ग्राम , मेवे मन पसंद से , चीनी ११/२ कप , ५-६ कुटी इलायची । 
विधि - मूंग दाल को भिगोएँ और फिर उसे मिक्सी में पीस उसकी पिट्ठी बना लें । इस पिट्ठी को घी में खूब भूनें । तब तक भूनें जब तक कि यह लाल न हो जाए और इससे खुशबू न आने लगे । फिर उसमें दूध , चीनी और मेवे डालकर तब तक पकाएँ जब तक कि यह हलवा घी न छोड़ने लगे । बन जाने पर कुटी इलायची उस पर बुरक दें । 

172. Spanish Omelet 173. Hungorean Omelet 174. Eggs Chat

172. Spanish Omelet स्पेनिश आमलेट 

सामग्री - २ अंडे , १/४ प्याज , १/४ शिमला मिर्च, १/४ टमाटर , ३/४ मशरूम  (केवल ऊपरी हिस्सा) , चुटकी भर सफेद मिर्च पाउडर , तेल आधा बड़ा चम्मच , नमक । 
विधि - सब्ज़ियों को आधा -आधा इंच काटा । अण्डों को नमक और सफेद मिर्च डालकर फेंट लिया ।तेल को पेन में गर्म किया और उसमें सब्जियाँ डालीं । ३-४ मिनट पकाकर उन पर फेंटा अंडा फैला दिया । जब अंडा सेट हो जाए तो उसे पलट कर पकाया । टमाटर और आलू चिप्स के साथ सर्व करें । 

173. Hungorean Omelet  हनगोरियन आमलेट 

सामग्री - २ अंडे , १/४ प्याज , १/४ टमाटर , १/४ आलू , १ बड़ा चम्मच टोमैटो कैचअप , चुटकी भर लाल मिर्च , चुटकी भर सफेद मिर्च पाउडर, तेल २ चाय के चम्मच , नमक स्वादानुसार । 
विधि- सब्जियों के १/४ इंच टुकड़े करें । नमक , सफेद मिर्च और टोमैटो कैचअप मिला लें । पेन में तेल डालें और गर्म तेल में सब्जी पकाएँ । पक जाने पर अंडे को फेंट कर उसके ऊपर सेट  करें । आधा पकने पर तीन तह बनाकर पकाएँ । फिर कुछ मिनटों में पक जाने पर गर्म -गर्म सर्व करें । 

174. Eggs Chat  अंडा चाट 

सामग्री - ६ सख्त उबले अंडे , १ मध्यम आकार का प्याज , ४-५ हरी मिर्च , हरा धनिया  थोड़ा सा  , १/४  टोमैटो कैचअप, १ चाय का चम्मच लाल मिर्च , १ चाय का चम्मच चाट मसाला , २ बड़े चम्मच इमली , २ छोटे चम्मच गुड़ , नमक स्वादानुसार । 
विधि- इमली को उबाला और फिर छान लिया । फिर छने रस में गुड़ मिलाकर उबाला और नमक व लाल मिर्च डालकर मीठी चटनी बना ली । अंडो को छीलकर उनके टुकड़े किए । हर अंडे के चार टुकड़े । अब इन अंडो पर नमक, लाल मिर्च, हरी मिर्च , चाट मसाला  और कटा प्याज डाल दें । उसके ऊपर एक बड़ी चम्मच मिला लें और बारीक कटे  हरा धनिया  से सजा दें और परोसें । 

170. Sweet and sour vegetables 171. Vegetables and Noodles

170. Sweet and sour vegetables  मीठी और खट्टी सब्ज़ियाँ 

सामग्री - १०० ग्राम फूलगोभी, १०० ग्राम फ़्रैंचबीन, १०० ग्राम गाजर, १०० ग्राम बंदगोभी, १०० ग्राम शिमला मिर्च,१०० ग्राम प्याज , ४ सेलरी स्टिक, १/२ चाय का चम्मच अजीनोमोटो पाउडर, ४ बड़े चम्मच तेल, नमक चुटकी भर, सिरके वाली हरी मिर्च, चिली सॉस। 
सॉस- ३/४ चाय के चम्मच काला / भूरा सिरका, ३/४ कप चीनी , १ कप पानी , २ बड़े चम्मच मैदा, १/२ बड़ा चम्मच सोया सॉस , ४ बड़े चम्मच टोमैटो केच अप । 
विधि - फ़्रैंचबीन और सेलरी के १ इंच के टुकड़े, गाजर और प्याज के टुकड़े समान आकार के, अन्य सब्ज़ियों के भी उसी आकार में टुकड़े काट लें । सॉस की सामग्री मिलाकर उबाली, गाढ़ा होने तक पकाई। एक बर्तन में तेल डालकर सब्ज़ियाँ व अजीनोमोटो पाउडर डाला और ५ मिनट तक सब्ज़ियाँ पकाईं । सॉस व नमक डालकर फिर से सब्ज़ियों और सॉस को पकाया। हरी मिर्च सिरके की और चिली सॉस के साथ परोसा । 
इसे फ्राइड चावल या फिर  सादे नूडल्स साथ परोस सकते हैं । 

171. Vegetables and Noodles सब्ज़ियाँ और नूडल्स 

सामग्री - २०० ग्राम बंदगोभी /पत्तागोभी , २०० ग्राम प्याज , 100  ग्राम गाजर , १०० ग्राम फ्रेंचबीन , १ शिमला मिर्च , १५० ग्राम नूडल्स , १/२ चाय का चम्मच अजीनोमोटो पाउडर , १ चाय का चम्मच सोया सॉस , ४ बड़े चम्मच तेल , नमक स्वादानुसार , सिरके वाली हरी मिर्च और  चिली सॉस परोसने के लिए । 
विधि - सब सब्ज़ियों की परली लम्बी फांकें बनाईं ।तेल गर्म कर उसमें सब्जियाँ व् अजीनोमोटो पाउडर डाल दिया । ३-४ मिनट पकाया । नूडल्स को अलग से उबाला । फिर गर्म पानी निकाल उन्हें ठंडे पानी से भी निकाल लिया । अब नूडल्स को , सोया सॉस और नमक को भी सब्जियों के साथ मिलाया और फौरन ही परोस दिया चिली सॉस और सिरके वाली मिर्च के साथ वरना नूडल्स चिपक जाते हैं । 

Wednesday, 4 May 2016

167. Pav Bhaji 168. Frankie 169. Methi Palak/Spinach Saag

167. Pav Bhaji पॉव भाजी 

सामग्री - १ शिमला मिर्च , १/४ किलो आलू  , १ कप मटर , गोभी आधा कप , गाजर आधा कप , टमाटर लगभग आधा किलो , प्याज २ बड़े , लहसुन १ पूरा , अदरक एक गाँठ , हरी मिर्च दो , नमक, हल्दी और लाल मिर्च  १-१ चाय का चम्मच , पॉव भाजी का एवरेस्ट मसाला, मक्खन एक करछी  । १/४ कप मक्खन अलग से परोसते समय ऊपर से डालने के लिए ,  प्याज बारीक कटा हुआ और नीबू के टुकड़े अलग से खाने के लिए । 
विधि - टमाटर के अलावा सभी सब्जियो को उबाल लिया चाहें तो आलू भी छीलकर और काटकर सब्जी के साथ उबाल लें । अलग से भी उबाल सकती हैं । फिर  उसमें प्याज बारीक कुतरकर डाल  दिए । इनके लाल हो जाने पर अदरक और लहसुन की पेस्ट भी डाल दी । इसे भी प्याज के साथ  थोड़ा भूनकर कटे टमाटर डाल दिए , साथ में हल्दी , नमक और लाल मिर्च  । यह मसाला तब तक भूना जब तक कि मसाले से तेल न निकलने लगे और टमाटर भी गल जाएँ । फिर हरी मिर्च काटकर और पाव भाजी मसाला करीब ३/४ करछी या अपने स्वादानुसार डालें । इसे १-२ मिनट भून कर सब्जियो को मसल कर इसमें डालें और इसे मसाले के साथ करीब ५ मिनट भूनें । यदि यह गाढ़ी हो तो थोड़ा पानी डालकर और पकाएँ । अच्छी तरह से पका लें । फिर इस पर हरा धनिया बारीक काटकर डालें । परोसते समय मक्खन भी ऊपर बुरकें । साथ में अलग से प्याज और नीबू के टुकड़े दें । 
पॉव - बाज़ार से पॉव खरीदें । चपटे तवे में मक्खन डालें फिर पॉव को बीच से काट कर दो हिस्से कर तवे पर दोनों तरफ से अच्छी तरह से सेंक लें । इसे भाजी के साथ परोसें । 

 168. Frankie फ्रेंकी 

सामग्री - २ कटोरी मैदा , १/२ कटोरी आटा , ६ मध्यम   आकार के आलू , २ प्याज , चार हरी मिर्च बारीक कटी हुई , १/२ कटोरी तेल मोयन के लिए और साथ में फ्रेंकी सेंकने के लिए । नमक , हल्दी, लाल मिर्च, गर्म मसाला और अमचूर स्वादानुसार, बारीक कटा हुआ धनिया  
विधि - आटा और मैदे को छानकर एक करछी गर्म तेल का मोयन देकर और आधा चाय का चम्मच नमक डालकर गूँथ लिया जैसे कि रोटी बनाने के लिए गूंथते हैं । फिर आलू उबाल कर उन्हें मसल लिया । एक कढ़ाई में एक प्याज बारीक काट कर डाला और साथ में हरी मिर्च भी । जब प्याज भूरे हो गए तो उसमें नमक , हल्दी और लाल मिर्च स्वादानुसार डाल दी । इसे १ -२ मिनट हिला कर इसमें मसाले आलू डाले और मिलाए । ३-४ मिनट भूनने के बाद उसमें गर्म मसाला और १ चाय का चम्मच अमचूर डाल कर अच्छी तरह से मिला लिया । बाद में बारीक़ हरा धनिया काटकर डाला और मिलाया । इस प्रकार भरावन तैयार हो गया । अब तैयार आटे से पतली रोटियाँ बनाईं । करीब आठ रोटियाँ बनेंगी । अब दोसे की तरह हर रोटी में पहले कुतरे प्याज की परत रखी। चाहें तो कच्ची बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल दें यदि कोई पसंद करता है तो । अब इस रोटी को मसाला डोसा की तरह बंद कर दें और पेपर नेपकिन में लपेट कर दें । पर १/४ रोटी का भाग नेपकिन से बाहर हो । इसे सॉस के साथ खाने में बड़ा मज़ा आता है । चाहें तो आलू के भरावन में ताजे मटर भी मिला सकती हैं । 

169. Methi Palak/Spinach Saag मेथी और पालक साग 

सामग्री - मेथी १ गद्दी , पालक १ गड्डी , मूंग धुली पीली दाल  १ कप , १ गाँठ अदरक , नमक , लाल मिर्च, गर्म मसाला स्वादानुसार , १ चाय का चम्मच जीरा , तेल एक करछी । 
विधि-मेथी और पालक को साफ कर  बारीक काटें ।दाल को धो लें ।  फिर  नमक और अदरक बारीक कटी हुई के साथ दाल और साग को एक कप पानी के साथ उबाल लिया । इसे उबलने के बाद अच्छी तरह  मसलें । फिर एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और जीरा डालें जब जीरा लाल हो जाए तो लाल मिर्च डाल दें पर लाल मिर्च के जलने से पहले साग  को डाल दें फिर उसे ५-६ मिनट पकाएँ । अंत में गर्म मसाला डाल रोटी के साथ परोसें  या फिर सादे परांठे के साथ  । 

164. Chivda as evening snack 165. Naan Khatai 166. Jalebi

164. Chivda as evening snack चिवड़ा 

सामग्री - एक किलो पतला चिवड़ा , ११/२ पाँव मूँगफली , १०० ग्राम चना दाल चटनी वाली यानि कि भुनी हुई , ५-६ हरी मिर्च लम्बी काटी हुई , कढ़ी पत्ता १/४ कप , हरी धनिया बारीक कटा हुआ १/२ कप , १ -१ चाय का चम्मच राई , जीरा ,सफेद तिल , लाल मिर्च , हल्दी  और नमक स्वादानुसार , १ करछी तेल । 
विधि - चिड़वा सूखा कढ़ाई में गर्म किया ताकि थोड़ा क्रिस्प हो जाए । इसे एक बड़ी थाली में पलट दिया । फिर बड़ी कढ़ाई में तेल डाला । गर्म हो जाने पर उसमें राई , जीरा , कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च डाली । थोड़ा लाल होने पर उसमें मूँगफली और चना दाल डाल दी । थोड़ा उन्हें चलाया । फिर नमक, हल्दी, लाल मिर्च , हरा धनिया और तिल डाल दिए और फौरन ही चिवड़ा डाल दिया । उसे अच्छी तरह से मसाले में मिलाया । फिर गैस बंद कर ठंडा करने रख दिया । ठंडा होने पर मर्तबान अथवा डिब्बे में भर लिया । 

 165. Naan Khatai   नॉन खताई 

सामग्री - २ कप मैदा , १ कप बेसन, ११/२ कप चीनी , २ कप घी (तेल नहीं)
विधि - चीनी को मिक्सी में पीस लिया । मैदा , बेसन और चीनी को अच्छी तरह से घी में गूंथा । फिर छोटी -छोटी  लोइयाँ बनाकर चिकनी की थाली में बेक किया १८० डिग्री पर १० से १५ मिनट के लिए । यदि चाहें तो लोइयों पर खरबूजे के छिले बीज लगाकर बेक करें । 

166. Jalebi जलेबी 
सामग्री - १/४ पाव मैदा , २ या ३ चम्मच सूजी , २ या ३ चम्मच बेसन , १ कटोरी दही , गुनगुना पानी, तेल तलने  के लिए , १ पाव चीनी चाशनी के लिए । 
विधि - मैदा , सूजी और बेसन को दही व पानी से पकौड़ों जैसे गाढ़ा  मिश्रण बना लिया । मिश्रण ज्यादा पतला न हो और न ही गाढ़ा । फिर एक चौड़े बर्तन में चीनी और उसके बराबर पानी लेकर एक तार की चाशनी बना ली । एक तार मतलब चीनी को पानी में तब तक उबाला और फिर दो उंगलियों के बीच यह मिश्रण रख देखा यदि एक तार बनने लगे तो चाशनी तैयार है । फिर कढ़ाई में तेल लिया अंदाजे से न ज्यादा कम और न ज्यादा । करीब एक कप । गर्म हो जाने पर गैस धीमा कर दिया । सॉस सर्व करने वाली बोतल में जलेबी का मिश्रण भर कढ़ाई में जलेबी के आकार में बनाते गए । फिर मध्यम आँच पर एक  तरफ से भूरी हो जाने पर पलटे से जलेबियाँ पलट कर दूसरी तरफ से सेंक लीं । सिक जाने पर कढ़ाई से निकाल कर चाशनी वाले बर्तन में डालते गए । गर्म -गर्म जलेबी गर्म -गर्म दूध के साथ परोसें या फिर एक किलो दूध को गाढ़ा करें तब तक जब तक कि  वह एक चौथाई न हो जाए फिर उसमें ३/ ४ कप चीनी डालें और फिर से उसे गाढ़ा करें । रबड़ी इतनी गाढ़ी हो जैसे कि पकौड़ों को बनाने के लिए मिश्रण बनाते हैं यह रबड़ी भी जलेबी के साथ परोस सकते हैं पर रबड़ी और जलेबी दोपहर या फिर रात के खाने के बाद परोसें । दूध के साथ जलेबी सुबह के नाश्ते में अच्छी भी लगती है और सेहत के लिए भी अच्छी होती है । 

162. Malai Kofta 163. Gol Gappe/Paani Puri kaa paani

162. Malai Kofta  मलाई कोफ्ता -

सामग्री - १२५ ग्राम पनीर , नमक स्वादानुसार, मलाई एक बड़ा चम्मच , गर्म मसाला १/२ चाय का चम्मच , ५ छोटी इलायची , एक बड़ा चम्मच मक्खन, मैदा एक बड़ा चम्मच , थोड़ा सा दूध । 
विधि - पनीर को अच्छी तरह से मसल कर गर्म मसाला , नमक, छोटी पिसी इलायची मिलाएँ । इस मिश्रण को चपटा आकार दें । उस पर थोड़ी मलाई रखें और उस पर थोड़ा मक्खन रखकर एक लंबा रोल गोलाई में तैयार करें । इसका कोई भी किनारा फटे नहीं । इस रोल को मैदे और दूध के बने घोल में डुबोकर तल लें । यदि चाहें तो मिश्रण में डुबोने के बाद क्रंबस भी लगाकर तल सकते हैं । तलते हुए फटे टुकड़े को दुबारा मिश्रण में डुबोकर तल सकते हैं । सारे कोफ्ते इस तरह तैयार करके रख लें ।  
नोट - मक्खन निकालने के बाद जो छाछ निकलता है उसे छानने पर पनीर निकलता है । इसके साथ मक्खन से घी बनाते समय घी निकल जाने के बाद जो मावा बचता है उसे लाल न होने दें । इस मावे और पनीर को भी आप मलाई कोफ्ते बनाने के लिए प्रयोग कर सकते हैं । यही नहीं घी निकालने के बाद जो मावा बचता है उसे आप गुजिया बनाने में या फिर गाजर के हलवे में मावे की तरह प्रयोग कर सकते हैं । पर गाजर के हलवे में प्रयोग करते समय दूध में गाजर गला लें फिर इस मावे को डालकर हलवा भूनें । गुजिया बनाते समय सूजी को अलग से भून लें और फिर इस मावे को उसमें अच्छी तरह से मिला लें और फिर बाकी सब मसाले जैसे कि नारियल, इलायची और चीनी का बूरा आदि डालें । 
कोफ्ते के लिए तरी -
सामग्री - दो बड़े टमाटर , दो प्याज घिसे हुए , आधा कप दही , नमक स्वादानुसार, हल्दी आधा चाय का चम्मच , एल चाय का चम्मच लालमिर्च , गर्म मसाला आधा चाय का चम्मच, एक गाँठ अदरक , ५-६ कलियाँ लहसुन की  और २ कप पानी, एक करछी तेल  । 
विधि - प्याज को तेल में अच्छी तरह भून लें । उसमें अदरक और लहसुन की पेस्ट को भी उसमें भून लें । जब प्याज और अदरक -लहसुन की पेस्ट को भून लें तो टमाटर की पेस्ट को भी डाल दें । इन सब को अच्छी तरह से भूनें और फिर दही भी डाल दें ,साथ में नमक, हल्दी और लाल मिर्च । जब मसाले से घी निकलने लगे तो उसमें पानी डाल दें । इस तरी को अच्छी तरह से १० मिनट पकाएँ । खाना सर्व करने से पांच मिनट पहले इस तरी में कोफ्ते डालें और एक -दो उबाल दें । गर्म मसाला बुरकें और बारीक कटे हरे धनिये से सजा रोटी के साथ सर्व करें । 

163. Gol Gappe/Paani Puri kaa paani  गोल गप्पे या पानी पूरी का पानी 

सामग्री - ५० ग्राम काला जीरा , ५० ग्राम सफेद जीरा, ५०० ग्राम इमली का रस, एक चम्मच लाल मिर्च , चुटकी भर  हींग , नीबू का रस थोड़ा सा , स्वादानुसार काला नमक , हरी मिर्च ४-५ । 
विधि - लगभग आधा किलो पानी में लाल मिर्च, जीरा और नमक डाल उबाल लें । उबाल आ जाने पर इसमें इमली का रस और नीबू का रस भी डाल दें । उबाल आने पर इसे ठंडा करें । मटके को तैयार रखें । हींग की खुशबू देने के लिए जलते हुए कोयले पर हींग रखकर मटके को उलटा करें और थोड़ी देर तक ऐसे ही रखें । फिर उसे सीधा करके उबला तैयार पानी डाल दें । साथ में हरी मिर्च पीस कर और पुदीने की करीब एक कप पत्तियाँ भी डाल दें । ४-५ घंटे में पानी ठंडा हो जाएगा । 
पर याद रखें कि इसके साथ मीठी चटनी भी तैयार करके गोल गप्पे के साथ सर्व करनी होगी । 
अन्य तरीके से भी पानी नीचे लिखे तरीके से बना सकते हैं -
मीठी चटनी बना लें । २५०  इमली का रस निकाल लें और ४०० ग्राम गुड़ उसमें डाल दोनों को उबालें और उसमें साबुत जीरा , लाल मिर्च और नमक डालें । इसे गाढ़ा होने तक पकाएँ । इस इमली की चटनी को एक किलो पानी में घोलें । चटनी इतनी लें जितनी ज़रूरत है । साथ में काला नमक और हरी मिर्च और पुदीना करीब एक कप पीस कर डाल दें । टेस्ट करके देंखे और अपने टेस्ट के अनुसार ही सारे मसाले डालें । बस गोल गप्पे का पानी तैयार है । 
मसाला गोलगप्पे में भरने के लिए - 
गोलगप्पे बाज़ार से रेडीमेड मिल जाएंगे । गोलगप्पे बनाने के लिए उबले आलू और उबले काबुली चने का प्रयोग कर सकती हैं । आलू और काबुली चनों को थोड़ा कुचल लें और उनमें नमक मिला लें । फिर गोलगप्पे में यह मसाला भरकर पानी के साथ सर्व करें । अन्य मसालों में बूंदी भी प्रयोग कर सकते हैं जो बाजार में तैयार मिलती है। अन्य मसाले में मूंग के स्प्राउट उबालकर नमक डालकर भी प्रयोग कर सकते हैं । 

159. President Soup 160. Saabudaana Papad 161. Motimahal Dal

159. President Soup प्रेजिडेंट सूप 
सामग्री - ११/२ किलो टमाटर , अदरक एक गाँठ , १/४ किलो आलू , १० लौंग, ५ ब्रेड पीस , ४ चम्मच सिरका, दालचीनी १ , नमक , कालीमिर्च पिसी हुई स्वादानुसार , पानी अंदाज से या जिसमें टमाटर डूब जाएँ , खाने वाला रंग थोड़ा-सा , मक्खन एक चम्मच , क्रीम एक बड़ा चम्मच । 
विधि - टमाटर धोकर काटें , लौंग , दालचीनी , पानी डालकर उबालें और गलने पर ठंडा करके उसे मिक्सी में पीसें । फिर इसे छानें और हलकी आंच पर फिर से इसे रखें । उबले  आलू  पीस लें जब टमाटर पीस रहें हों और उन्हें भी टमाटर के साथ छान लें । इस मिश्रण को हलकी आँच पर पकाते समय मक्खन डालें । थोड़ा गाढ़ा हो जाए सूप के खाने के लायक तब आँच से उतार लें । आँच से उतार कर सिरका डालें । डबल रोटी की टुकड़े चौकोर काट कर तल लें । सूप सर्व करते समय उसमें फेंटी क्रीम और काली मिर्च बुरक कर दें । साथ में डबल रोटी के टुकड़े भी सर्व करें अलग से । 

160. Saabudaana Papad साबुदाना पापड़ 
सामग्री - २५० ग्राम साबुदाना , १/२ चम्मच नमक , १/२ चम्मच मिर्च , जीरा एक चम्मच , घी थोड़ा-सा । 
विधि - पानी में साबुदाना डालें । पानी करीब १/२ लीटर हो । आँच पर पानी और साबुदाना बराबर चलाती रहें । थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो नमक, मिर्च , जीरा पीस कर डाल दें (इन्हें पहले से ही पीस कर रखें)  । फिर आँच  से उतार लें । एक थाली में घी लगाकर रखें । उसमें थोड़ी थोड़ी दूर पर एक -एक चम्मच साबुदाने का घोल डालती जाएँ । इन्हें  कड़ी धूप में सुखाएँ और ऊपर की तरफ जब आधी से ज्यादा सूख जाए तो पलट लें वर्ना पापड़ थाली से चिपक जाएंगे । इन्हें तब तक धूप में सुखाती रहें जब तक कि यह अच्छी तरह से सूख ने जाएँ ।   

61. Motimahal Dal  मोतीमहल दाल 
सामग्री - साबुत उड़द दाल २५० ग्राम, चने की दाल ६० ग्राम , राजमा ६० ग्राम , घी एक बड़ी करछी , मलाई आधा कप , मक्खन एक कप , दही ६० ग्राम , टमाटर ६ , पानी अंदाज से या जिसमें दाल डूब जाए और करीबन एक गिलास पानी और भी हो , नमक और लाल मिर्च अंदाज से , जीरा के चम्मच , रोगनी मिर्च एक चम्मच , गर्म मसाला आधा, चम्मच , हल्दी एक चाय का चम्मच , हरा धनिया एक गुच्छा, अदरक एक गाँठ , लहसुन एक पूरा , एक बड़ा प्याज, एक -दो हरी मिर्च  । 
विधि- तीनों दालों को साफ करके रात को राजमा और उड़द दाल भिगो दें । चना दाल को साफ करके सभी दालों को उबलते पानी में डालें और एक करछी घी भी डालें और नमक व हल्दी भी डालें ।  प्रेशर कुकर में दस मिनट रखें सीटी बजने के बाद । जब सीटी ठंडी हो जाए तो कुकर खोलें और अच्छी तरह से इस दाल को घोलें और इसे आप बड़ी करछी से अच्छी तरह से हिलाएँ । जब दाल अच्छी तरह से घुल -मिल जाए और गली हुई लगे । गाढ़ापन भी ठीक हो तो इसमें दही फेंट कर डालें और मलाई  डाल कर थोड़ी देर तक पकाएँ यानि दो-तीन उबाल आने दें । दाल गाढ़ी होकर पक जाए तो उतार लें । अब तड़का लगाएँ । टमाटर को उबाल लें । फिर उनको छील लें । टमाटर की साथ जीरा , गर्म मसाला, अदरक को एक साथ पीस लें । मक्खन  को फ्राई पैन में गर्म करें और बारीक कतरे प्याज को भून लें ।   फिर इसमें पिसा मसाला डाल दें और बारीक कटी हरी मिर्च भी । इसे भी अच्छी तरह भून लें । दाल में ये तड़का डालें और ऊपर से गर्म मसाला डालें और बारीक हरा धनिया । गर्म -गर्म तंदूरी रोटी या सादे परांठे के साथ परोंसे । 

Tuesday, 3 May 2016

155. Lemon Pickle 156. Suji ke Dose and Uthpam 157. Coconut Chtney 158. Appe or Paddu

155. Lemon Pickle नींबू का अचार 

सामग्री - ४० नीम्बू , १६० ग्राम नमक , ७० ग्राम लाल मिर्च , १५ ग्राम जीरा ,१५ ग्राम मेथी बीज , १५ ग्राम हल्दी , ७५ ग्राम हरी मिर्च, ७५ ग्राम लहसुन, ७५ ग्राम अदरक, १/२ बोतल सिरका , ११/२ कटोरी करीब -करीब तेल , ४५० ग्राम चीनी  और गुड़ दोनों मिलकर , थोड़ा कढ़ी पत्ता । 
विधि- नीबू को आठ भागों में काटा और नमक पूरा डालकर मिला कर कांच के मर्तबान में डालकर तीन दिन के लिए धूप  में रखा । चौथे दिन नींबू निकाल कर थाल में डाल कर धूप में रखे । पतीले में तेल डाला और गर्म कर अदरक और लहसुन की पेस्ट उसमें भूनी । भुन जाने पर हरी मिर्च और कढ़ी  पत्ता डाला और थोड़ा हिलाया । फिर लाल मिर्च , हल्दी, मेथी दाना और जीरा को सिरके के साथ मिक्सी में पीस लिया । इस पिसे मसाले को भी कढ़ी पत्ते के बाद डाल दिया । थोड़ी देर तक मसाला भूनते  रहे । जब उबाल आया तो नींबू डाल दिए और तब तक इसे उबाला जब तक कि नीबू थोड़े गल न जाएँ । चम्मच से दबाकर नीम्बू के गल जाने की परीक्षा ली । अगले दिन तक इसे ढककर रखा और फिर अगले दिन काँच के जार में भर कर रखा । यह अचार सालोंसाल चलता है और खट्टा -मीठा होने से इसका निराला स्वाद है । 

156. Suji ke Dose and Uthpam  सूजी दोसे और उत्थपम 

सामग्री - एक कप मोटी सूजी (बंसी रवा),लस्सी सूजी को घोलने के लिए करीब ११/२ कप , नमक और लाल मिर्च स्वादानुसार, हरी मिर्च बारीक कटी हुई , हरा धनिया बारीक़ कटा हुआ , प्याज २ बारीक कटे हुए , टमाटर १ बारीक कटा हुआ । 
विधि -लस्सी में सूजी मिला कर घोल बना लिया । यह घोल ज्यादा गाढ़ा और ज्यादा पतला न हो । इसे एक घंटा रखा । फिर दोसे वाले तवे पर हल्का तेल लगाकर घोल का एक बड़ा चम्मच उस पर रखा और उस पर प्याज, टमाटर, हरी मिर्च , हरा धनिया , नमक का मसाला रखा और दोसे की तरह उसे फैला लिया । किनारों पर थोड़ा तेल डाला जिससे डोसा अच्छी तरह निकलआए एक तरफ सिंक जाने पर । एक तरफ सिंक जाने पर डोसा पलटा और दूसरी तरफ से सेंक लिया । फिर इसे नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ परोसा । चाहें तो प्याज, टमाटर , हरी मिर्च, हरे धनिया और लाल मिर्च को दोसे के पूरे मसाले में  डाल कर भी आप दोसे बना सकते हैं । 

 157. Coconut Chtney नारियल चटनी 

सामग्री - आधा नारियल , एक कप हरा धनिया , एक बड़ा चम्मच फुटानी दाल अथवा भुने चने की दाल , २ से ३ हरी मिर्च , थोड़ी सी इमली बीज निकली हुई । 
विधि - सभी सामग्री को बारीक़ मिक्सी में पीस लें और नमक डाल लें । किसी भी तली हुई १ पूरा चीज विशेष कर दोसे, उत्थपम,इडली के  साथ खा सकते हैं । 

158. Appe or  Paddu अप्पे / पडडु 

सामग्री - २ कटोरी चावल , एक कटोरी अरहर दाल , १ कटोरी उर्द दाल , जीरा एक चम्मच , हरी मिर्च २-३, १ पूरा लहसुन, नमक स्वासनुसार । 
विधि - चावल और दालों को अलग -अलग धोकर अलग -अलग भिगोया रात में । सुबह सब को अलग -अलग पीसा । साथ में लहसुन, हरी मिर्च और जीरा भी पीस लिया । सब को अच्छी तरह से मिला लिया । नमक  डाल दिया । अप्पे बनाने वाले साँचे को गर्म किया और गर्म हो जाने पर  उसमें थोड़ा तेल डाल कर उसे चिकना कर  लिया । हर साँचे में एक -एक चम्मच मिश्रण डाला । फिर बड़ी प्लेट से साँचे को ढक दिया । धीमी आंच कर ली । ढककन उठा कर देखा और फिर चाक़ू या काँटे से उसे पलटा और देखा कि एक तरफ पक गए हैं या नहीं । यदि पक गए हैं तो सबको पलट दिया । फिर से साँचे को ढक दें और दूसरी तरफ भी २-४ मिनट पकने दें । फिर साँचे से निकाल कर गर्म -गर्म नारियल चटनी के साथ परोसें । सांबर भी साथ में बना सकती हैं ।   


152. Pooran Poli/पूरन पोली 153. Saar/सार 154. Sabudaana Khicdi साबुदाना खिचड़ी

152.  Pooran Poli/ पूरन पोली 

सामग्री - २ कटोरी/१/४ किलो  चना दाल , २ कटोरी /१/४ किलो गुड़ , १/२ कटोरी शक्कर , ४ बड़ी कटोरी आटा,  ४ -५ इलायची , आधी कटोरी तेल । (१० लोगों के लिए यह सामग्री काफी होगी ) 
विधि- चना दाल , तेल थोड़ा और हल्दी के साथ उबालनी है । प्रेशर कुकर की ३-४ सीटी बजने के बाद उसका पानी निकाल दें और चना दाल को शक्कर और गुड़ मिलाकर मिक्सी में पीसना है । कढ़ाई में डालकर इस मसाले को पकाना है । जब तक कि यह मसाला सूख न जाए । फिर इसे ठंडा करने रख दिया । आटा बारीक कपड़े या छलनी से छानना है । पानी में थोड़ा  नमक और हल्दी डालकर , आटे में तेल डालना है करीब तीन  करछी । तेल को आटे  में अच्छी तरह से मिला कर थोड़ा थोड़ा हल्दी व नमक वाला पानी डालकर आटा गूंथना है । इस आटे को अच्छी तरह से मसलना है जब तक कि यह मैदे की तरह खिंचने न लगे । आलू के परांठे की तरह  पूरन पोली बना लें । इसे तीन -चार दिन रख सकते हैं । 

153. Saar/सार 

सामग्री - प्याज एक , लहसुन एक पूरा , अदरक एक गाँठ , हरा धनिया आधा कप बारीक़ कटा हुआ , सूखा या कच्चा नारियल  आधा कप , गर्म मसाला, लाल मिर्च , एक चाय का चम्मच जीरा और राई । 
विधि - जीरा व राई का तड़का थोड़े से तेल में डालना है । इससे पहले अदरक, लहसुन , हरा धनिया और नारियल को पीस लेना है । तड़के में राई और जीरा लाल हो जाने पर प्याज बारीक़ काट कर डाल दें । प्याज लाल हो जाने पर उसमें  पिसा मसाला डाल दें । मसाला भुन जाए तो उसमें चने की दाल का पानी जो पूरन पोली बनाते समय चना दाल उबालते वक्त बचा था , डाल दें साथ में नमक, लाल मिर्च और गर्मा मसाला भी डाल दें ।हल्का गाढ़ा हो जाने पर इसे गैस से उतार दें । इस सार को पूरन पोली के साथ परोंसे । 

154. Sabudaana Khicdi साबुदाना खिचड़ी 

सामग्री - ३ कटोरी साबूदाना , १ कटोरी मूंगफली का चूरा (मिक्सी में भुनी व छिली मूँगफ़ली का बना लें ) ३ आलू उबले हुए और कटे हुए , १-२ हरी मिर्च  बारीक कटी हुई , हरा धनिया बारीक कटा हुआ , नमक और चीनी स्वादानुसार , एक चाय का  चम्मच जीरा , एक चाय का चम्मच काली मिर्च पिसी हुई , एक करछी घी या फिर आधा करछी तेल और आधा करछी घी 
विधि- साबूदाने को दो बार धोकर पूरा पानी करीब -करीब निकाल दें और इसे ५ से ६ घंटे भिगो कर रखें । तेल को कढ़ाई में डालें और उसमें जीरा डालें । जीरा लाल  हो जाने  पर उसमें कटी हुई हरी मिर्च डाली और तड़क जाने पर कटे आलू डाल दिए । फिर थोड़ा नमकऔर काली मिर्च पिसी हुई  डाली । आलू अच्छी तरह नमक से मिल जाएँ और भुन जाएँ तब साबूदाना डाला । पर कढ़ाई में साबूदाना डालने से पहले उसमें मूंगफली का चूरा , नमक और चीनी मिला दिया । साबूदाना और आलू अच्छी तरह से मिलाए और धीमी आँच पर ढककर पाँच मिनट पकाया । एक दो बार बीच में हिला भी लिया । अंत में कटा बारीक हरा धनिया बुरका । यह खिचड़ी व्रत में दही के साथ अच्छी लगती है । 

Monday, 2 May 2016

148. White Sauce 149. Chocolate Icing 150. Burger 151. Baked Rice Pulao

148. White Sauce सफेद सॉस 

सामग्री - २ बड़े चम्मच मक्खन , चार बड़े चम्मच मैदा , थोड़ा दूध , नमक व काली मिर्च स्वादानुसार । 
विधि - कढ़ाई में मक्खन गर्म कर लें । उसमें मैदा भूनें पर याद रखें कि मैदा लाल न होने पाए । भुन जाने पर धीरे -धीरे थोड़ा -धोड़ा दूध डालें और साथ -साथ इसे चलाती जाएँ  । फिर गैस को बंद कर के इसमें इतना दूध मिलाएँ जो ज्यादा गाढ़ा न हो । इसमें नमक और काली मिर्च पाउडर स्वादानुसार ( एक -एक चाय का चम्मच ) मिलाएँ । 

149. Chocolate Icing  चॉकलेट आइसिंग 

सामग्री - कोको आवश्यकतानुसार , पिसी हुई चीनी , शहद थोड़ा -सा , मक्खन । 
विधि - सबको अच्छी तरह से मिलाकर गर्म किया । एक दो उबाल आने पर ठंडा किया । फ्रिज में ठंडा होने रखा और गाढ़ा हो जाने पर प्रयोग किया ।  इसे आइस क्रीम के ऊपर डाल सकते हैं या फिर केक के ऊपर लगा सकते हैं । 

150. Burger बर्गर 

सामग्री - गोल बंद , आलू की चाट समोसे की तरह , खीरा , टमाटर , प्याज । 
विधि - बंद को बीच से काटा । एक तरफ खीरा रखा गोल पतला काटकर । आलू की टिकिया (१४६ नंबर पर विधि दी है ) बनाकर खीरे के ऊपर रखी । फिर टिकिया पर पतला और गोल प्याज चाहें तो टमाटर का भी गोल पतलना टुकड़ा रखा । फिर बंद का दूसरा भाग भी इस के ऊपर रखा और इन दोनों भागों को टूथ पिक से बंद किया और फिर टमाटर सॉस के साथ परोसा । 

151. Baked Rice Pulao बेक्ड राइस पुलाव 

सामग्री - एक कप चावल, एक कप अकुंरित दाल (साबुत मूंग ) १ कप फूल गोभी , २ गाजर , १/२ कप हरी मटर , १ बड़ा प्याज ,  २-३ टमाटर , सफेद सॉस ( १४८ नंबर पर विधि दी है ) , १०० ग्राम मोजरेला चीज़ , गर्म मसाला , नमक , घी । 
विधि - कढ़ाई में घी डालें और बारीक कटा प्याज भून लें । लाल हो जाने पर उसमें टमाटर के टुकड़े डालें और साथ में सब्ज़ी भी डालें । नमक और मिर्च डालकर सब्ज़ी बना लें । मूंग भी अलग से बना लें । मूंग में नमक व् हरी मिर्च कटी हुई डाल कर बना लें । चावल भी एक कनी तक उबालें । फिर केक टिन में चिकनाई लगाकर पहले सब्ज़ी की परत , फिर सब मूंग की , उसके बाद चावल की फिर सब्ज़ी की , उसके बाद मूंग की और अंत में चावल की परत लगाएँ । उसके बाद सफेद सॉस की परत लगाएँ । अंत में उस पर चीज़ छिड़कें और फिर इसे ओवन में बेक करें । करीब २० मिनट १५० डिग्री पर । फिर गर्म -गर्म परोसें ।  पर ध्यान रखें कि परतें खराब न हों । 

145. Stuffed Bread Pakoda 146. Alu Ki Tikiya 147. Mutter Chap/Tikiya

145. Stuffed Bread Pakoda ब्रेड भरवाँ पकौड़े 

सामग्री - एक ब्रेड , २५० ग्राम उबले आलू , १०० ग्राम बेसन , थोड़े से उबले मटर , कटा प्याज  एक , हरा धनिया थोड़ा सा , अदरक एक छोटी सी गांठ , टमाटर , नमक , हल्दी , लाल मिर्च एक चाय का चम्मच , हरी मिर्च बारीक़ कटी हुई , जीरा , साबुत धनिया । 
विधि - उबले आलू मसल लें । जीरे व धनिए  छौंक लगाकर प्याज भूनें ।प्याज भून जाने के बाद उसमें टमाटर बारीक काट कर डाल दें । टमाटर के गल  जाने पर उसमें नमक , लाल मिर्च , बारीक हरी मिर्च कटी हुई , हल्दी, हरा धनिया और मटर डालकर भूनें । फिर आलू डालें । मसाला तैयार है । अब बेसन का घोल बनाएँ , उसमें नमक व मिर्च डालकर बेसन का घोल बनाएँ । यह घोल ज्यादा पतला न हो और न ही गाढ़ा । अब ब्रेड के एक स्लाइस पर मसाला रखें और उसके ऊपर दूसरा स्लाइस ब्रेड का रखें । ब्रेड के कोनों को दबा बेसन के घोल में डुबोएं और फिर उसे पहले से ही कढ़ाई में गर्म तेल में तल लें । एक तरफ लाल हो जाए फिर धीरे से पलट कर दूसरी तरफ से तल लें । फिर ध्यान से धीरे से कढ़ाई से निकाल लें । इसे गर्म -गर्म हरी चटनी  परोसें । ऐसे ही दूसरे पकोड़े तल लें । 

146. Alu Ki Tikiya आलू की टिकिया 

सामग्री - आधा किलो आलू , १/४ कप मटर के दाने , १/२ कप मूंग दाल , नमक, गर्म मसाला , लाल मिर्च और अमचूर स्वादानुसार । 
विधि - आलू उबाल कर छीलें  और उन्हें अच्छी तरह से मसलें । उसमें नमक, मिर्च, गर्म मसाला और अमचूर मिला दें । फिर मटर को उबाल लें और मटर  में जीरा और नमक डाल कर भून लें और दाल जिसे एक दो घंटे भिगो कर रखा था , उसका पानी निकाल कर मटर के साथ भून लें । फिर आलू के मसाले की छोटी -छोटी टिकिया बनाएँ करीब पूरी के आकार की । इस पूरी को आप अपने हाथ की हथेली में बना सकती हैं । फिर इस पूरी पर दाल और मटर का एक छोटा चम्मच मसाला रखें । इसे हल्के हाथों से बंद कर गोले के आकार में बना लें अपर थोड़ा इसे चपटा रखें , ऐसे ही सारी टिकिया बना लें । सपाट तवे में तेल डालें और इन टिकिया को तलें । एक तरफ से सिक जाने पर दूसरी तरफ से सेंके । जब ये सिंक जाएँ तो इसे सपाट चम्मच से थोड़ा दबाएँ और अच्छी तरह से  लाल बनाएँ । फिर इस टिकिया को हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ परोंसे । चाहें तो फेंटी हुई दही भी इस टिकिया पर डाल कर फिर इस पर हरी चटनी और मीठी चटनी डालें । यदि तलते वक्त टिकिया टूट रही हो तो आलू का मसाला बनाते समय थोड़ा सा बेसन या फिर डबलरोटी को पानी में भिगोकर पानी निकाल कर उसे मसल कर आलू के मसाले में डालें जिससे टिकिया टूटे नहीं । डीप फ्राई  नहीं करना , शेलो फ्राई करना है । 

 147. Mutter Chap/Tikiya मटर चाप /टिकिया

सामग्री - आधा किलो मटर और २५० ग्राम आलू , नमक, लाल मिर्च और अमचूर स्वादानुसार , १-२ हरी मिर्च । 
विधि - मटर उबाल कर पीस लें और आलू भी उबाल कर पीस लें । दोनों को मिक्स करके/मिला कर उसमें नमक , लाल मिर्च, अमचूर , कटी हरी मिर्च स्वादानुसार मिला कर आलू की टिकिया की तरह तलें पर डीप फ्राई नहीं । इसे हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ परोसें ।  

Sunday, 1 May 2016

143. Urad Dal Ki Kachodi 144. Alu ki sabzi

१४३. उड़द दाल की कचौड़ी -

सामग्री - १ कप उड़द दाल , दही एक पाव , तेल दाल भूनने व आटे के  मोयन के लिए , नमक , लाल मिर्च , अमचूर , गर्म मसाला और सौंफ स्वादानुसार और पसंद अनुसार।  आधा किलो गेहूँ का आटा और तेल तलने के लिए । 
विधि - दाल भिगोकर पीसी दरदरी । फिर इस पिसी दाल को थोड़े से तेल में कढ़ाई में भून लिया । साथ में सारे मसाले भी मिला दिए । भरावन को ठंडा करने रख दिया । आटे को दही से गूंथा और उसमें नमक के साथ गर्म तेल का मोयन भी डाला । आटा पूरी के आटे की तरह होना चाहिए । मोयन के लिए १/४ कप तेल चाहिए । फिर आटे की छोटी लोई बना पूरी से थोड़ी छोटी रोटी बना उसमें एक चम्मच भरावन रखा और उसे चारों तरफ से बंद कर हलके हाथों से पूरी जैसे बेल लिया फिर गर्म तेल में मध्यम आँच  पर तला , इसे आलू की सब्जी के साथ परोसा । 
दूसरी विधि - तुरंत बनाने के लिए - उड़द की दाल को सौंफ, नमक और लाल मिर्च के साथ पीस लिया । फिर इसे पानी में भिगो दिया । करीब आधे घंटे में भरावन के लिए दाल तैयार होगी । फिर ऊपर लिखी विधि से कचौड़ियाँ बना लीं । 
तीसरी विधि - उड़द की दाल को सौंफ , नमक , लाल मिर्च और हींग के साथ पीस लिया फिर गेहूँ का आटा चार कप लिया और एक कप यह पिसी दाल लेकर आटा पानी के साथ पूरी की तरह गूँथ लिया । पूरी की तरह इन्हें तल लिया और आलू की सब्जी के साथ परोसा । 
नोट - आलू  कचौड़ी के लिए भरावन समोसे वाला प्रयोग कर सकते हैं । 

१४४. आलू की सब्ज़ी - 

सामग्री - १/२ किलो आलू , ५-६ टमाटर , राई  चाय का चम्मच , कढ़ी पत्ता , हरी मिर्च बारीक कटी , हरा धनिया बारीक कटा , लाल मिर्च , नमक , हींग , जीरा के चाय का चम्मच , सूखा पिसा धनिया ,  गर्म मसाला , एक बड़ा चम्मच तेल । 
विधि - आलू उबाल लिए और इन्हें छोटे -छोटे टुकड़ों में काट लिया ।  बर्तन में तेल गर्म किया और राई , जीरा और कढ़ी पत्ता डाल छोटे - छोटे टुकड़ों में किए टमाटर डाल दिए । इसमें नमक, हल्दी , लाल मिर्च और सूखा पिसा धनिया डाल दिया । इसे  तब तक भूना जब तक कि ये गल न जाएँ और तेल न छोड़ने लगें । फिर इनमें कटे आलू और कटी हरी मिर्च डालकर थोड़ी देर भूना । फिर इतना पानी डाला जिसमें आलू डूब जाएँ । ५-६ उबाल आने पर गैस बंद कर गर्म मसाला डाल दें और फिर हरा धनिया डाल दें । 

141. Chakli 142. Samose

14१ . Chakli चकली 
सामग्री - ४ कटोरी/कप  चावल, २ कटोरी /कप चना दाल , १ कटोरी /कप उड़द दाल, १/२ कटोरी /कप धनिया , १/२ कटोरी / कप जीरा, एक मुट्ठी / १/४ कप पोहा , साबुत लाल मिर्च , नमक , अजवाइन, हींग , सफेद तिल अपनी पसंद से , तेल तलने के लिए और मोयन के लिए  । 
दूसरी सहेली के अनुसार सामग्री - ४ कटोरी /कप चावल , एक कटोरी /कप उड़द दाल  (दाल को भूनना है ) बाकी सामग्री समान है । 
तीसरी सहेली के अनुसार सामग्री - ४ कटोरी चावल, २ कटोरी भुनी चने की दाल अथवा चटनी वाली दाल , बाकी सामग्री समान है । 
विधि - दाल और चावल को धोकर सुखा लिया और फिर भूना । जीरा और धनिया भी भूना और लाल मिर्च को भी गर्म किया । सब को पिसवा लें चक्की पर या खुद मिक्सी में पीस लें । जितना आटा बनाने के लिए चाहिए , उतना आटा लें । उसमें अपनी पसंद के अनुसार नमक , अजवाइन, हींग , सफेद तिल डाला और मोयन के लिए गर्म तेल डाला । (ऊपर दी गई सामग्री की आधी सामग्री के लिए करीब एक कप या कटोरी तेल लगेगा ) फिर आटा पानी के साथ गूँथ लिया जैसे पूरी के लिए गूंथते हैं । अब चकली के साँचे से चकली बना -बना कर तलनी है । 

१४२ . समोसे   Samose 
सामग्री - २५० ग्राम मैदा , आलू ४०० ग्राम , हरी मिर्च , हरा धनिया , नमक , लाल मिर्च, प्याज टमाटर , तेल तलने व मोयन के लिए । 
विधि - २५० ग्राम मैदा में १/४ कप गर्म तेल , नमक और अजवाइन (यदि चाहें तो ) डालकर आटा पानी से गूंथा । यह आटा न नरम हो और न सख्त । इस गीले कपडे से ढक दिया । फिर आलू को उबाला और उन्हें अच्छी तरह से मसल कर उनमें हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काटकर नमक, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डाल कर अच्छी तरह से मिला लिया । चख लें और अपनी पसंद के अनुसार इस भरावनको बना लें । फिर गुंथे आटे की लोई बना एक बड़ी सी पूरी से बड़ी रोटी बनाई । ध्यान रखें कि यह मोटी न हो । फिर इसे बीच से काटा और अब आधा चन्द्रमा के आकार की पूरी को अपनी हथेली पर रखा और उसमें इतना भरावन रखा कि समोसा फटे नहीं । फिर चन्द्रमा के आकार की पूरी को दोनों तरफ से उठाया और एक के ऊपर दूसरी परत रखने से पहले पहली परत के किनारे पर हल्का सा पानी लगा दूसरी परत को उसके ऊपर रख दोनों परतों को अच्छी तरह से चिपका दिया । सभी समोसे बनाकर एक कपड़े में ढककर रखे । सारे समोसे बन जाने पर कढ़ाई में तलने के लिए तेल गर्म किया । समोसे तेल में छोड़ने से पहले देख लें कि तेल गर्म है या नहीं । इसके लिए मैदे के आटे की छोटी सी लोई बनाकर छोड़ें यदि यह फौरन ऊपर आ जाए तो तेल गर्म है । फिर गैस को धीमा कर समोसे छोड़े और इन्हें मध्यम आँच पर तल लिया । फिर हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ परोसा । 
नोट - आलू के मसाले में उबले मटर भी मिला सकते हैं । गाजर और मटर की सब्जी बना उसे भी भरावन की तरह प्रयोग कर सकती हैं ।