14१ . Chakli चकली
सामग्री - ४ कटोरी/कप चावल, २ कटोरी /कप चना दाल , १ कटोरी /कप उड़द दाल, १/२ कटोरी /कप धनिया , १/२ कटोरी / कप जीरा, एक मुट्ठी / १/४ कप पोहा , साबुत लाल मिर्च , नमक , अजवाइन, हींग , सफेद तिल अपनी पसंद से , तेल तलने के लिए और मोयन के लिए ।
दूसरी सहेली के अनुसार सामग्री - ४ कटोरी /कप चावल , एक कटोरी /कप उड़द दाल (दाल को भूनना है ) बाकी सामग्री समान है ।
तीसरी सहेली के अनुसार सामग्री - ४ कटोरी चावल, २ कटोरी भुनी चने की दाल अथवा चटनी वाली दाल , बाकी सामग्री समान है ।
विधि - दाल और चावल को धोकर सुखा लिया और फिर भूना । जीरा और धनिया भी भूना और लाल मिर्च को भी गर्म किया । सब को पिसवा लें चक्की पर या खुद मिक्सी में पीस लें । जितना आटा बनाने के लिए चाहिए , उतना आटा लें । उसमें अपनी पसंद के अनुसार नमक , अजवाइन, हींग , सफेद तिल डाला और मोयन के लिए गर्म तेल डाला । (ऊपर दी गई सामग्री की आधी सामग्री के लिए करीब एक कप या कटोरी तेल लगेगा ) फिर आटा पानी के साथ गूँथ लिया जैसे पूरी के लिए गूंथते हैं । अब चकली के साँचे से चकली बना -बना कर तलनी है ।
१४२ . समोसे Samose
सामग्री - २५० ग्राम मैदा , आलू ४०० ग्राम , हरी मिर्च , हरा धनिया , नमक , लाल मिर्च, प्याज टमाटर , तेल तलने व मोयन के लिए ।
विधि - २५० ग्राम मैदा में १/४ कप गर्म तेल , नमक और अजवाइन (यदि चाहें तो ) डालकर आटा पानी से गूंथा । यह आटा न नरम हो और न सख्त । इस गीले कपडे से ढक दिया । फिर आलू को उबाला और उन्हें अच्छी तरह से मसल कर उनमें हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काटकर नमक, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डाल कर अच्छी तरह से मिला लिया । चख लें और अपनी पसंद के अनुसार इस भरावनको बना लें । फिर गुंथे आटे की लोई बना एक बड़ी सी पूरी से बड़ी रोटी बनाई । ध्यान रखें कि यह मोटी न हो । फिर इसे बीच से काटा और अब आधा चन्द्रमा के आकार की पूरी को अपनी हथेली पर रखा और उसमें इतना भरावन रखा कि समोसा फटे नहीं । फिर चन्द्रमा के आकार की पूरी को दोनों तरफ से उठाया और एक के ऊपर दूसरी परत रखने से पहले पहली परत के किनारे पर हल्का सा पानी लगा दूसरी परत को उसके ऊपर रख दोनों परतों को अच्छी तरह से चिपका दिया । सभी समोसे बनाकर एक कपड़े में ढककर रखे । सारे समोसे बन जाने पर कढ़ाई में तलने के लिए तेल गर्म किया । समोसे तेल में छोड़ने से पहले देख लें कि तेल गर्म है या नहीं । इसके लिए मैदे के आटे की छोटी सी लोई बनाकर छोड़ें यदि यह फौरन ऊपर आ जाए तो तेल गर्म है । फिर गैस को धीमा कर समोसे छोड़े और इन्हें मध्यम आँच पर तल लिया । फिर हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ परोसा ।
नोट - आलू के मसाले में उबले मटर भी मिला सकते हैं । गाजर और मटर की सब्जी बना उसे भी भरावन की तरह प्रयोग कर सकती हैं ।
No comments:
Post a Comment