167. Pav Bhaji पॉव भाजी
सामग्री - १ शिमला मिर्च , १/४ किलो आलू , १ कप मटर , गोभी आधा कप , गाजर आधा कप , टमाटर लगभग आधा किलो , प्याज २ बड़े , लहसुन १ पूरा , अदरक एक गाँठ , हरी मिर्च दो , नमक, हल्दी और लाल मिर्च १-१ चाय का चम्मच , पॉव भाजी का एवरेस्ट मसाला, मक्खन एक करछी । १/४ कप मक्खन अलग से परोसते समय ऊपर से डालने के लिए , प्याज बारीक कटा हुआ और नीबू के टुकड़े अलग से खाने के लिए ।
विधि - टमाटर के अलावा सभी सब्जियो को उबाल लिया चाहें तो आलू भी छीलकर और काटकर सब्जी के साथ उबाल लें । अलग से भी उबाल सकती हैं । फिर उसमें प्याज बारीक कुतरकर डाल दिए । इनके लाल हो जाने पर अदरक और लहसुन की पेस्ट भी डाल दी । इसे भी प्याज के साथ थोड़ा भूनकर कटे टमाटर डाल दिए , साथ में हल्दी , नमक और लाल मिर्च । यह मसाला तब तक भूना जब तक कि मसाले से तेल न निकलने लगे और टमाटर भी गल जाएँ । फिर हरी मिर्च काटकर और पाव भाजी मसाला करीब ३/४ करछी या अपने स्वादानुसार डालें । इसे १-२ मिनट भून कर सब्जियो को मसल कर इसमें डालें और इसे मसाले के साथ करीब ५ मिनट भूनें । यदि यह गाढ़ी हो तो थोड़ा पानी डालकर और पकाएँ । अच्छी तरह से पका लें । फिर इस पर हरा धनिया बारीक काटकर डालें । परोसते समय मक्खन भी ऊपर बुरकें । साथ में अलग से प्याज और नीबू के टुकड़े दें ।
पॉव - बाज़ार से पॉव खरीदें । चपटे तवे में मक्खन डालें फिर पॉव को बीच से काट कर दो हिस्से कर तवे पर दोनों तरफ से अच्छी तरह से सेंक लें । इसे भाजी के साथ परोसें ।
168. Frankie फ्रेंकी
सामग्री - २ कटोरी मैदा , १/२ कटोरी आटा , ६ मध्यम आकार के आलू , २ प्याज , चार हरी मिर्च बारीक कटी हुई , १/२ कटोरी तेल मोयन के लिए और साथ में फ्रेंकी सेंकने के लिए । नमक , हल्दी, लाल मिर्च, गर्म मसाला और अमचूर स्वादानुसार, बारीक कटा हुआ धनिया
विधि - आटा और मैदे को छानकर एक करछी गर्म तेल का मोयन देकर और आधा चाय का चम्मच नमक डालकर गूँथ लिया जैसे कि रोटी बनाने के लिए गूंथते हैं । फिर आलू उबाल कर उन्हें मसल लिया । एक कढ़ाई में एक प्याज बारीक काट कर डाला और साथ में हरी मिर्च भी । जब प्याज भूरे हो गए तो उसमें नमक , हल्दी और लाल मिर्च स्वादानुसार डाल दी । इसे १ -२ मिनट हिला कर इसमें मसाले आलू डाले और मिलाए । ३-४ मिनट भूनने के बाद उसमें गर्म मसाला और १ चाय का चम्मच अमचूर डाल कर अच्छी तरह से मिला लिया । बाद में बारीक़ हरा धनिया काटकर डाला और मिलाया । इस प्रकार भरावन तैयार हो गया । अब तैयार आटे से पतली रोटियाँ बनाईं । करीब आठ रोटियाँ बनेंगी । अब दोसे की तरह हर रोटी में पहले कुतरे प्याज की परत रखी। चाहें तो कच्ची बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल दें यदि कोई पसंद करता है तो । अब इस रोटी को मसाला डोसा की तरह बंद कर दें और पेपर नेपकिन में लपेट कर दें । पर १/४ रोटी का भाग नेपकिन से बाहर हो । इसे सॉस के साथ खाने में बड़ा मज़ा आता है । चाहें तो आलू के भरावन में ताजे मटर भी मिला सकती हैं ।
169. Methi Palak/Spinach Saag मेथी और पालक साग
सामग्री - मेथी १ गद्दी , पालक १ गड्डी , मूंग धुली पीली दाल १ कप , १ गाँठ अदरक , नमक , लाल मिर्च, गर्म मसाला स्वादानुसार , १ चाय का चम्मच जीरा , तेल एक करछी ।
विधि-मेथी और पालक को साफ कर बारीक काटें ।दाल को धो लें । फिर नमक और अदरक बारीक कटी हुई के साथ दाल और साग को एक कप पानी के साथ उबाल लिया । इसे उबलने के बाद अच्छी तरह मसलें । फिर एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और जीरा डालें जब जीरा लाल हो जाए तो लाल मिर्च डाल दें पर लाल मिर्च के जलने से पहले साग को डाल दें फिर उसे ५-६ मिनट पकाएँ । अंत में गर्म मसाला डाल रोटी के साथ परोसें या फिर सादे परांठे के साथ ।
No comments:
Post a Comment