Tuesday, 4 September 2018

181. DRY VEGETABLE OF YELLOW PUMPKIN

181. DRY VEGETABLE OF YELLOW PUMPKIN

पीला काशीफल की सब्जी

सामग्री –आधा किलो पीला पका काशीफल छिलका उतार कर छोटे टुकड़ों में काटा हुआ (यदि नर्म छिलका है तो उसे छिलके के साथ काट सकते हैं ), एक बड़ा चम्मच तेल, एक चुटकी हींग , एक चाय का चम्मच सूखा धनिया , एक चाय का चम्मच चीनी , २ हरी मिर्च , १/२ चम्मच गर्म मसाला , १/४ चाय का चम्मच हलदी, कटा हुआ हरा धनिया सजाने के लिए |

 विधि – कढाई में तेल गर्म किया | तेल गर्म होने पर हींग व सूखा धनिया डाला | लाल हो जाने पर उसमें कटा काशीफल डाल दिया | नमक और हल्दी डालकर ढककर रख दिया धीमी आँच पर | कुछ मिनटों बाद ढक्कन खोलकर हिलाया और छोटे टुकड़ों में कटी हरी मिर्च डालकर फिर से ढककर रख दिया | फिर से कुछ मिनटों में खोला और हिलाया | थोड़ा गल जाने पर उसे करछी से कुचला और फिर से ढककर गैस पर धीमी आँच पर रखा | फिर थोड़ी देर बाद खोल कर देखा , पानी सुख जाने पर गर्म मसाला और चीनी डालकर हिलाया और बंद करके गैस बंद करके ढककर रख दिया | परोसते समय हरे धनिए से सजाया| इसे पूरी या सादे परांठे खा सकते हैं |

नोट – इस सब्जी में बदलाव लाने के लिए आप इसे हरे प्याज के साथ बना सकते हैं | बस ध्यान रखें कि हरे प्याज को काशीफल के साथ ही डालें और इसे सब्जी में चीनी न डालें |

दूसरा बदलाव यह भी कर सकते हैं कि काशीफल में आप १०० ग्राम 
गवार की फली जिसे अंग्रेजी में क्लस्टर बीन्स कहते हैं वह भी काटकर डाल सकते हैं | दोनों को साथ में ही डालें | इस बदलाव में भी चीनी न डालें | बाकी विधि समान है |  


Recipes from Peas: 178. Alu and mutter 179. Dry vegetable of carrot and peas 180. Dry vegetable of methi and peas


RECIPES FROM PEAS

मटर से तैयार पकवान -
        178. ALU AND MUTTER GRAVY
                     आलू और मटर की ग्रेवी वाली सब्जी –

सामग्री – २ मध्यम आलू , एक कप मटर , एक मध्यम प्याज, ३ मध्यम टमाटर , ६-८ लहसुन की कलियाँ ,  एक छोटा टुकड़ा अदरक, हरा धनिया कटा हुआ , १ चाय का चम्मच नमक /स्वादानुसार, आधा चाय का चम्मच लाल मिर्च पाउडर, १ चाय का चम्मच धनिया पाउडर, १/४ चाय का चम्मच हल्दी, १/४ चाय का चम्मच गर्म मसाला, एक बड़ा चम्मच देसी घी/तेल , पानी आवश्यकतानुसार |

विधि- प्याज छोटे-छोटे कुतर लें | लहसुन और अदरक की पेस्ट बना लें | टमाटर की भी पेस्ट मिक्सी में बना लें | आलू छीलकर उसके आठ-आठ टुकड़े कर लें | प्रेशर कुकर में तेल लें और उसे आग पर गर्म होने दें | अब उसमें कुतर प्याज डालें और हल्का लाल होने तक भूनें |फिर उसमें अदरक व लहसुन की पेस्ट डाल कर थोड़ी देर भूनें | फिर उसमें टमाटर की पेस्ट डाल दें और साथ में नमक, हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डाल दें और अच्छी तरह से चलाएँ | इसे तब तक भूनें जब तक कि तेल मसाले से अलग न हो जाए | फिर उसमें मटर और आलू डालकर भूनें करीब पाँच मिनट | फिर उसमें उतना पानी डालें जिसमें सब्जी डूब जाए और फिर कुकर बंद कर दें | करीब ३-४ सीटी लगवाएँ | कुकर ठंडा होने के बाद सब्जी को सर्विंग बाउल में पलट लें और ऊपर से गर्म मसाला डालें और कटे हरे धनिए से सजाएँ | इसे सादे पराँठो या रोटी के साथ खा सकते हैं |
 
नोट – यदि आप चाहें तो इसमें मूंग दाल या उर्द दाल की बड़ियाँ भी डाल सकते हैं | मूंग दाल की बड़ियाँ छोटी होती हैं , उन्हें साबुत मसाले से तेल निकलने के बाद मटर और आलू के साथ भूनते वक्त डालें | उर्द दाल की बड़ियाँ बड़ी होती हैं | उन्हें तोड़कर डालें |

         179. DRY VEGETABLE OF CARROT AND PEAS 
        गाजर व मटर की सूखी सब्जी –

सामग्री – १ कप कटी हुई छोटे टुकड़ों में गाजर , १/२ कप मटर , एक छोटा प्याज टुकड़ों में कटा हुआ,  २ मध्यम टमाटर छोटे टुकड़ों में कटे हुए, नमक स्वादानुसार , लाल मिर्च पाउडर १/४ चम्मच , १/४ चम्मच हल्दी , १/४ चम्मच गर्म मसाला , हरा धनिया कटा हुआ, एक बड़ा चम्मच तेल, एक हरी मिर्च कटी हुई|

विधि – कढ़ाई में तेल गर्म करने गैस पर रखा | तेल गर्म होने पर उसमें कटा प्याज डाला | हल्का लाल होने पर उसमें कटे हुए टमाटर डाले और हरी मिर्च | साथ ही नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर उसे भूना | तेल मसाले से अलग होने पर उसमें मटर और गाजर डाल दिए | हिलाकर उसे ढक्कन से  ढका और धीमी आँच पर पकने रख दिया | करीब २-३ मिनट बाद हिलाया और फिर से ढककर पकने रख दिया | फिर से करीब कुछ मिनटों के बाद ढक्कन खोल कर हिलाया और मटर व गाजर को चम्मच से जाँच लिया कि वे गले हैं या नहीं | गल जाने पर उसमें गर्म मसाला मिलाया और ढककर रख दिया | खाते समय उसे बाउल में पलटा और ऊपर से हरे धनिया से सजा दिया |  

नोट – प्याज के स्थान पर हरे प्याज को काटकर डाल सकते हैं | तब प्याज को पहले तेल में नहीं डालना | टमाटर डालने हैं और मसाला तैयार करना है | गाजर , मटर और हरे प्याज को साथ में डालना है | बाकी विधि वैसे ही है |

        180. DRY VEGETABLE OF METHI AND PEAS
                     मटर और मेथी की सूखी सब्जी –

सामग्री – ३ कप कटी हुई मेथी , १ कप मात्र छिले हुए , १ बड़ा चम्मच तेल /सरसों का तेल ज्यादा अच्छा रहेगा , नमक स्वादानुसार , लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच, १/४ चम्मच हल्दी , ३/४ चम्मच अमचूर , १/४ चम्मच गर्म मसाला , एक चुटकी हींग , एक चाय का चम्मच सूखा साबुत धनिया |

विधि –कढाई में तेल गर्म किया | उसमें हींग व सूखा धनिया डाला | लाल हो जाने पर मटर व मेथी डाल दिए| फिर उसे ढककर मध्यम आंच पर रख दिया | थोड़ी देर बाद हिलाया और नमक व हल्दी डाल कर ढक कर फिर से मध्यम आँच रख दिया | कुछ मिनटों बाद हिलाया और देखा कि मटर गल गए हैं या नहीं | मटर गल जाने पर और पानी सूख जाने पर लाल मिर्च पाउडर , गर्म मसाला और अमचूर डालकर हिलाया और ढक्कन लगाकर गैस पर धीमी आँच में एक –दो मिनट रखा और फिर से एक बार हिलाकर ढक्कन लगाकर गैस बंद कर दिया | इसे सादे पराँठे या पूरी के साथ खा सकते हैं | साथ में बूंदी रायता या खीरे व प्याज का रायता बहुत ही अच्छा लगता है |

Friday, 6 May 2016

Important things about the cooking and food items

खाना बनाने और खाने की चीजों के संबंध में कुछ महत्त्वपूर्ण बातें या तरीके - 

१. टमाटर काँटे से पकड़कर भूनकर छील सकते हैं । 
२. जैम में १ चाय का चम्मच ग्लिसरीन डालने से उसका अच्छा स्वाद आता है । 
३. आलू की कचौड़ी में मसाले में बेसन डालने से कचौड़ी फूटेगी नहीं । 
४. नींबू  को आधा घंटा गुनगुने पानी में रखने से रस अधिक निकलता है । 
५. कुकर में थोड़ा टुकड़ा नीबू का पानी डालकर प्रेशर दें और फिर विम से साफ करें तो वह चमक जाएगा । 
६. आमलेट में कच्चा दूध व बेसन डालने से अधिक कुरकुरा बनता है । 
७. जार में शक्कर डालकर मीठे बिस्कुट रखें तो वे कुरकुरे रहेंगे । 
८. जले हुए घी  में आलू का टुकड़ा डालें और गर्म करें तो घी साफ हो जाएगा । 
९. मीठी चीज में कपूर रखने से चींटी नहीं आतीं । 
१०. जीभ के छाले पर हरा धनिया पीसकर उसका रस लगाएँ । 
११. बदबूदार  थर्मस के लिए सिरका डालकर उसमें रखें और ठंडे पानी से धो लें । 
१२. चाँदी के बरतन चमकाने के लिए उबले आलू के पानी में उन्हें रख दें । 
१३. सब को उबालते समय २ बून्द नींबू का रस डाल दें । 
१४. जले एल्युमिनियम के बर्तन को प्याज उसमें उबाल कर साफ करें । 
१५. भुनी सौंफ चबाने से पेट दर्द कम होता है । 
१६. लू  लगने पर बताशे में ८-१० सौंफ का रस डालकर दो -दो घंटे बाद दें । 
१७. कब्ज़ के लिए गुनगुने पानी के साथ रात को सौंफ लें । 
१८. खट्टी डकारों के लिए मिश्री के साथ २-३ बार सौंफ खाएं । 
१९. चिकने बर्तन पर पहले आटा लगाएँ बाद में पाउडर से धोएँ । 
२०. जले दूध में ठंडा होने से पहले थोड़ा नमक व चीनी डाल दें , स्वाद ठीक हो जाएगा । 
२१. चिटका अंडा उबालने के लिए पानी में सिरका डाल उबालें । 
२२. किसी भी चीज के मीठे अचार में १० लौंग मिलाने से वह खराब नहीं होगा । 
२३. पिसी लाल मिर्च में नमक मिला देने से वह खराब नहीं होती । 
२४. गेहूँ  सुरक्षित रखने के लिए नीचे और  ऊपर नीम की पत्तियाँ रखें । 
२५. सब्ज़ी को बरसात में नमक घुले पानी में १/२ घंटा रखें फिर धोकर पकाएँ । 
२६. मनी प्लांट के गमले में सब्ज़ी के छिलके या चाय के बची पत्ती डालने से पुष्ट आकर के पत्ते आते हैं । 
२७. पेट के ज़हर को निकालने के लिए राई का १ ग्राम चूर्ण ठंडे  पानी में मिलाइए । उलटी हो जाएगी । 
२८. नीबू के टुकड़े पर मिश्री का चूर्ण डालकर चूसने से उलटी हो सकती है । 
२९. स्टील के बर्तन सिरके से चमका सकते हैं ।  

175. Khoye Ke Gulab Jamun 176. Bread Ke Gulab Jamun 177. Moong Ki Dal Ka Halwa

175. Khoye Ke Gulab Jamun  खोये के गुलाब जामुन 

सामग्री - २५० ग्राम खोया , ४ चम्मच मैदा , ७५० ग्राम चीनी , मिश्री थोड़ी सी , घी , इलायची , गुलाब जल , थोड़ा दूध , थोड़ा सोडा, तेल  । 

विधि - खोये को अच्छी तरह से मसलें । मैदा और सोडा  मिलाकर मसलें ।थोडा दूध डालकर धीरे धीरे गूंथें नरम हाथों से ।  फिर  छोटी छोटी लोई बनाते समय उसके बीच में थोड़ी मिश्री रखती जाएँ । सारे गुलाब जामुन बन जाने पर कढ़ाई में घी गर्म करें । गैस मध्यम कर कढ़ाई के किनारे से गुलाब जामुन छोड़ें और फिर धीमी आँच पर लाल चारों तरफ से होने तक तल लें ।  
पहले से ही एक तार की चाशनी तैयार कर लें । ७५० ग्राम चीनी में २ कप पानी डालकर तब तक उबालें जब तक की उंगलियों में उसे लेने पर एक तार न बन जाए । 
इस चाशनी में लाल तले हुए गुलाब जामुन छोड़ती जाएँ । परोसते समय या तो इलायची पाउडर या फिर गुलाब जामुन डालकर दें । 


176. Bread Ke Gulab Jamun  

सामग्री - आठ बड़े ब्रेड के स्लाइस , दूध उतना जिसमें स्लाइस डूब जाएँ , सूजी आटा बनाने के लिए , मिश्री, घी , इलायची , ५०० ग्राम चीनी । 
विधि - स्लाइसों को दूध में डुबो दें । फूल जाने पर सूजी डालकर आटा गूँथ लें । बाकी विधि खोये के गुलाब जामुन की तरह है । 

177. Moong Ki Dal Ka Halwa मूंग की दाल का हलवा

सामग्री - मूंग की दाल १ कप , १/४  किलो दूध , घी २०० से २५० ग्राम , मेवे मन पसंद से , चीनी ११/२ कप , ५-६ कुटी इलायची । 
विधि - मूंग दाल को भिगोएँ और फिर उसे मिक्सी में पीस उसकी पिट्ठी बना लें । इस पिट्ठी को घी में खूब भूनें । तब तक भूनें जब तक कि यह लाल न हो जाए और इससे खुशबू न आने लगे । फिर उसमें दूध , चीनी और मेवे डालकर तब तक पकाएँ जब तक कि यह हलवा घी न छोड़ने लगे । बन जाने पर कुटी इलायची उस पर बुरक दें । 

172. Spanish Omelet 173. Hungorean Omelet 174. Eggs Chat

172. Spanish Omelet स्पेनिश आमलेट 

सामग्री - २ अंडे , १/४ प्याज , १/४ शिमला मिर्च, १/४ टमाटर , ३/४ मशरूम  (केवल ऊपरी हिस्सा) , चुटकी भर सफेद मिर्च पाउडर , तेल आधा बड़ा चम्मच , नमक । 
विधि - सब्ज़ियों को आधा -आधा इंच काटा । अण्डों को नमक और सफेद मिर्च डालकर फेंट लिया ।तेल को पेन में गर्म किया और उसमें सब्जियाँ डालीं । ३-४ मिनट पकाकर उन पर फेंटा अंडा फैला दिया । जब अंडा सेट हो जाए तो उसे पलट कर पकाया । टमाटर और आलू चिप्स के साथ सर्व करें । 

173. Hungorean Omelet  हनगोरियन आमलेट 

सामग्री - २ अंडे , १/४ प्याज , १/४ टमाटर , १/४ आलू , १ बड़ा चम्मच टोमैटो कैचअप , चुटकी भर लाल मिर्च , चुटकी भर सफेद मिर्च पाउडर, तेल २ चाय के चम्मच , नमक स्वादानुसार । 
विधि- सब्जियों के १/४ इंच टुकड़े करें । नमक , सफेद मिर्च और टोमैटो कैचअप मिला लें । पेन में तेल डालें और गर्म तेल में सब्जी पकाएँ । पक जाने पर अंडे को फेंट कर उसके ऊपर सेट  करें । आधा पकने पर तीन तह बनाकर पकाएँ । फिर कुछ मिनटों में पक जाने पर गर्म -गर्म सर्व करें । 

174. Eggs Chat  अंडा चाट 

सामग्री - ६ सख्त उबले अंडे , १ मध्यम आकार का प्याज , ४-५ हरी मिर्च , हरा धनिया  थोड़ा सा  , १/४  टोमैटो कैचअप, १ चाय का चम्मच लाल मिर्च , १ चाय का चम्मच चाट मसाला , २ बड़े चम्मच इमली , २ छोटे चम्मच गुड़ , नमक स्वादानुसार । 
विधि- इमली को उबाला और फिर छान लिया । फिर छने रस में गुड़ मिलाकर उबाला और नमक व लाल मिर्च डालकर मीठी चटनी बना ली । अंडो को छीलकर उनके टुकड़े किए । हर अंडे के चार टुकड़े । अब इन अंडो पर नमक, लाल मिर्च, हरी मिर्च , चाट मसाला  और कटा प्याज डाल दें । उसके ऊपर एक बड़ी चम्मच मिला लें और बारीक कटे  हरा धनिया  से सजा दें और परोसें । 

170. Sweet and sour vegetables 171. Vegetables and Noodles

170. Sweet and sour vegetables  मीठी और खट्टी सब्ज़ियाँ 

सामग्री - १०० ग्राम फूलगोभी, १०० ग्राम फ़्रैंचबीन, १०० ग्राम गाजर, १०० ग्राम बंदगोभी, १०० ग्राम शिमला मिर्च,१०० ग्राम प्याज , ४ सेलरी स्टिक, १/२ चाय का चम्मच अजीनोमोटो पाउडर, ४ बड़े चम्मच तेल, नमक चुटकी भर, सिरके वाली हरी मिर्च, चिली सॉस। 
सॉस- ३/४ चाय के चम्मच काला / भूरा सिरका, ३/४ कप चीनी , १ कप पानी , २ बड़े चम्मच मैदा, १/२ बड़ा चम्मच सोया सॉस , ४ बड़े चम्मच टोमैटो केच अप । 
विधि - फ़्रैंचबीन और सेलरी के १ इंच के टुकड़े, गाजर और प्याज के टुकड़े समान आकार के, अन्य सब्ज़ियों के भी उसी आकार में टुकड़े काट लें । सॉस की सामग्री मिलाकर उबाली, गाढ़ा होने तक पकाई। एक बर्तन में तेल डालकर सब्ज़ियाँ व अजीनोमोटो पाउडर डाला और ५ मिनट तक सब्ज़ियाँ पकाईं । सॉस व नमक डालकर फिर से सब्ज़ियों और सॉस को पकाया। हरी मिर्च सिरके की और चिली सॉस के साथ परोसा । 
इसे फ्राइड चावल या फिर  सादे नूडल्स साथ परोस सकते हैं । 

171. Vegetables and Noodles सब्ज़ियाँ और नूडल्स 

सामग्री - २०० ग्राम बंदगोभी /पत्तागोभी , २०० ग्राम प्याज , 100  ग्राम गाजर , १०० ग्राम फ्रेंचबीन , १ शिमला मिर्च , १५० ग्राम नूडल्स , १/२ चाय का चम्मच अजीनोमोटो पाउडर , १ चाय का चम्मच सोया सॉस , ४ बड़े चम्मच तेल , नमक स्वादानुसार , सिरके वाली हरी मिर्च और  चिली सॉस परोसने के लिए । 
विधि - सब सब्ज़ियों की परली लम्बी फांकें बनाईं ।तेल गर्म कर उसमें सब्जियाँ व् अजीनोमोटो पाउडर डाल दिया । ३-४ मिनट पकाया । नूडल्स को अलग से उबाला । फिर गर्म पानी निकाल उन्हें ठंडे पानी से भी निकाल लिया । अब नूडल्स को , सोया सॉस और नमक को भी सब्जियों के साथ मिलाया और फौरन ही परोस दिया चिली सॉस और सिरके वाली मिर्च के साथ वरना नूडल्स चिपक जाते हैं । 

Wednesday, 4 May 2016

167. Pav Bhaji 168. Frankie 169. Methi Palak/Spinach Saag

167. Pav Bhaji पॉव भाजी 

सामग्री - १ शिमला मिर्च , १/४ किलो आलू  , १ कप मटर , गोभी आधा कप , गाजर आधा कप , टमाटर लगभग आधा किलो , प्याज २ बड़े , लहसुन १ पूरा , अदरक एक गाँठ , हरी मिर्च दो , नमक, हल्दी और लाल मिर्च  १-१ चाय का चम्मच , पॉव भाजी का एवरेस्ट मसाला, मक्खन एक करछी  । १/४ कप मक्खन अलग से परोसते समय ऊपर से डालने के लिए ,  प्याज बारीक कटा हुआ और नीबू के टुकड़े अलग से खाने के लिए । 
विधि - टमाटर के अलावा सभी सब्जियो को उबाल लिया चाहें तो आलू भी छीलकर और काटकर सब्जी के साथ उबाल लें । अलग से भी उबाल सकती हैं । फिर  उसमें प्याज बारीक कुतरकर डाल  दिए । इनके लाल हो जाने पर अदरक और लहसुन की पेस्ट भी डाल दी । इसे भी प्याज के साथ  थोड़ा भूनकर कटे टमाटर डाल दिए , साथ में हल्दी , नमक और लाल मिर्च  । यह मसाला तब तक भूना जब तक कि मसाले से तेल न निकलने लगे और टमाटर भी गल जाएँ । फिर हरी मिर्च काटकर और पाव भाजी मसाला करीब ३/४ करछी या अपने स्वादानुसार डालें । इसे १-२ मिनट भून कर सब्जियो को मसल कर इसमें डालें और इसे मसाले के साथ करीब ५ मिनट भूनें । यदि यह गाढ़ी हो तो थोड़ा पानी डालकर और पकाएँ । अच्छी तरह से पका लें । फिर इस पर हरा धनिया बारीक काटकर डालें । परोसते समय मक्खन भी ऊपर बुरकें । साथ में अलग से प्याज और नीबू के टुकड़े दें । 
पॉव - बाज़ार से पॉव खरीदें । चपटे तवे में मक्खन डालें फिर पॉव को बीच से काट कर दो हिस्से कर तवे पर दोनों तरफ से अच्छी तरह से सेंक लें । इसे भाजी के साथ परोसें । 

 168. Frankie फ्रेंकी 

सामग्री - २ कटोरी मैदा , १/२ कटोरी आटा , ६ मध्यम   आकार के आलू , २ प्याज , चार हरी मिर्च बारीक कटी हुई , १/२ कटोरी तेल मोयन के लिए और साथ में फ्रेंकी सेंकने के लिए । नमक , हल्दी, लाल मिर्च, गर्म मसाला और अमचूर स्वादानुसार, बारीक कटा हुआ धनिया  
विधि - आटा और मैदे को छानकर एक करछी गर्म तेल का मोयन देकर और आधा चाय का चम्मच नमक डालकर गूँथ लिया जैसे कि रोटी बनाने के लिए गूंथते हैं । फिर आलू उबाल कर उन्हें मसल लिया । एक कढ़ाई में एक प्याज बारीक काट कर डाला और साथ में हरी मिर्च भी । जब प्याज भूरे हो गए तो उसमें नमक , हल्दी और लाल मिर्च स्वादानुसार डाल दी । इसे १ -२ मिनट हिला कर इसमें मसाले आलू डाले और मिलाए । ३-४ मिनट भूनने के बाद उसमें गर्म मसाला और १ चाय का चम्मच अमचूर डाल कर अच्छी तरह से मिला लिया । बाद में बारीक़ हरा धनिया काटकर डाला और मिलाया । इस प्रकार भरावन तैयार हो गया । अब तैयार आटे से पतली रोटियाँ बनाईं । करीब आठ रोटियाँ बनेंगी । अब दोसे की तरह हर रोटी में पहले कुतरे प्याज की परत रखी। चाहें तो कच्ची बारीक कटी हरी मिर्च भी डाल दें यदि कोई पसंद करता है तो । अब इस रोटी को मसाला डोसा की तरह बंद कर दें और पेपर नेपकिन में लपेट कर दें । पर १/४ रोटी का भाग नेपकिन से बाहर हो । इसे सॉस के साथ खाने में बड़ा मज़ा आता है । चाहें तो आलू के भरावन में ताजे मटर भी मिला सकती हैं । 

169. Methi Palak/Spinach Saag मेथी और पालक साग 

सामग्री - मेथी १ गद्दी , पालक १ गड्डी , मूंग धुली पीली दाल  १ कप , १ गाँठ अदरक , नमक , लाल मिर्च, गर्म मसाला स्वादानुसार , १ चाय का चम्मच जीरा , तेल एक करछी । 
विधि-मेथी और पालक को साफ कर  बारीक काटें ।दाल को धो लें ।  फिर  नमक और अदरक बारीक कटी हुई के साथ दाल और साग को एक कप पानी के साथ उबाल लिया । इसे उबलने के बाद अच्छी तरह  मसलें । फिर एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और जीरा डालें जब जीरा लाल हो जाए तो लाल मिर्च डाल दें पर लाल मिर्च के जलने से पहले साग  को डाल दें फिर उसे ५-६ मिनट पकाएँ । अंत में गर्म मसाला डाल रोटी के साथ परोसें  या फिर सादे परांठे के साथ  ।