३ . मूंग की दाल और पालक की सब्जी -
सामग्री- मूंग की दाल (पीली वाली ) , एक गुच्छा पालक , अदरक का टुकड़ा , ५-६ लहसुन की कलियाँ , २-३ हरी मिर्च , २-३ मध्यम आकार के टमाटर, एक बड़ा प्याज , नमक और हल्दी स्वादानुसार, जीरा एक चाय का चम्मच, हींग एक चुटकी , लाल मिर्च पाउडर आधा चाय का चम्मच , आधा चाय का चम्मच गर्म मसाला, देशी /शुद्ध घी एक करछी ।
विधि - पालक को साफ कर के धो कर काट लें । दाल को धो लें । अब प्रेशर कुकर में पालक और दाल डाल दें । इसके साथ ही अदरक, टमाटर और लहसुन की कलियों को बारीक काट कर डाल दें । एक कप पानी डालें । नमक और हल्दी डाल कर प्रेशर कुकर का ढक्कन बंद करके सीटी लगा कर आंच पर रख दें । ३-४ सीटी बजने के बाद आग से कुकर उतार दें । छौंक के लिए बर्तन में शुद्ध घी डालें । गर्म हो जाने पर हींग और जीरा डाल दें । जीरे के लाल होने पर बारीक कटे हुए प्याज डाल दें । जब प्याज लाल हो जाएं तो लाल मिर्च पाउडर डाल कर गैस बंद कर दें । कुकर के ठंडा होने पर पालक और दाल को मिक्सी में पीस लें । पर ध्यान रखें कि ज्यादा महीन न करें, इसे दरदरा रहने दें । इस पालक और दाल को छौंक में डाल दें । आग पर एक -दो उबाल आने तक रखें । फिर गैस बंद कर दें और गर्म मसाला डाल कर एक बार हिला दें ।
नोट - इस सब्जी को सादी चपाती और परांठे के साथ परोसें । इसके साथ प्याज को गोल-गोल काट कर नीबू और नमक लगाकर खाएं । बहुत ही स्वादिष्ट लगती है ।