2. मूंग की दाल (पीली वाली ) के बड़े / दही बड़े
सामग्री- मूंग की दाल एक कप , चौथाई कप उर्द दाल बिना छिलके वाली, हरी मिर्च दो , अदरक का छोटा-सा टुकडा, तलने के लिए तेल, दही , मीठी चटनी (इमली और गुड की ), हरी खट्टी चटनी (पुदीने और धनिये की ) ।
विधि -
मीठी चटनी - १०० ग्राम इमली लें । इमली को दो गिलास पानी में दो- तीन उबाल दिला दें ताकि इमली नरम पर जाए । ठंडा होने पर इमली को मसल कर उसका गाढा घोल निकाल लें । फिर इस गाढे घोल को एक बड़ी छलनी में छान लें । अब इस घोल को चौड़े और खुले बर्तन में डाल कर आग पर पकाने रख दें । इसमें १५० से २०० ग्राम गुड डाल दें , साथ में एक चाय का चम्मच नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच भुना जीरा ( तवे पर पहले से ही भून लें ) भी डाल दें । जब यह घोल गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें ।
नोट- नमक और मिर्च अपनी पसंद के अनुसार ही डालें । यह माप केवल सुविधा के लिए लिखा है । यह चटनी एक महीने तक फ्रिज में रख सकते हैं ।
हरी खट्टी चटनी - एक गुच्छा हरा धनिया ( पत्ते अलग करके साफ कर पानी से दो -तीन बार धो लें ), आधा गुच्छा पुदीना , दो -तीन नीबू , तीन -चार हरी मिर्च , नमक स्वादानुसार । नीबू के अलावा सभी सामग्री को मिक्सी में डाल कर बारीक पीस लें । पिस जाने पर कांच के एक बड़े कटोरे में उलट लें और नीबू निचोड़ कर उसका रस इसमें डाल दें । नीबू का रस अपनी पसंद के अनुसार डालें । जितनी खट्टी चटनी पसंद हो , उतने नीबू का रस डालें । इस चटनी को शीशे की बोतल में फ्रिज में १० से १५ दिन तक रख सकते हैं ।
नोट - यदि मिक्सी में चटनी पिस न रही हो और पानी डालना पड़े तो पानी न डाल कर नीबू का रस डालें क्योंकि इससे चटनी १० से १५ दिन तक फ्रिज में रख सकते हैं ।
बड़े - दोनों दालों को धोकर पानी में तीन से चार घंटो के लिए भिगो दें । पानी निकाल कर दाल को मिक्सी में डाल दें । साथ में अदरक का टुकडा और हरी मिर्च डाल दें । फिर मिक्सी में इसे बारीक पीस लें । तैयार मिश्रण को एक अलग बर्तन में डाल दें और इसे अच्छी तरह से हिला कर फेटें जब तक कि यह हलका न हो जाए । इस मिश्रण में नमक स्वादानुसार डाल दें, फिर कड़ाई में तेल डाल दें । जब तेल अच्छी तरह से गरम हो जाए तो धीमी आंच कर दें और चम्मच से इस मिश्रण को तेल में गोल-गोल डालें । जैसे ही यह फूल कर ऊपर आएँ, आंच मध्यम कर दें और इन्हें पलट दें । हल्का गुलाबी होने तक तल लें । फिर गरम-गरम हरी चटनी के साथ परोसें।
अगर दही बड़े नरम बनाने हों तो इन बड़ों को कड़ाई से निकाल कर सीधा गरम पानी में भिगोते जाएँ , इस ही पानी में नमक मिलाना है । दही को अच्छी तरह से रई से फेंट लें या मिक्सी में फेंट लें । दही में बड़ों को डालने से पहले उन में से पानी निचोड़ कर ही उन्हें दही में डालें । परोसने वाली प्लेट में दही बड़े डाल कर ऊपर से मीठी और हरी चटनी डालें । साथ ही भुने जीरे का पाउडर और काली मिर्च पाउडर छिड़क दें । चाहें तो कटा हुआ धनिया और बेसन के बारीक़ सेव से सजा दें ।
No comments:
Post a Comment