1 . मूंग की दाल (पीली वाली ) और पत्ता गोभी की सूखी सब्जी
सामग्री - मूंग की दाल आधा कप , पत्ता गोभी २५० ग्राम बारीक कटी हुई , नमक, हल्दी, जीरा चाय का आधा चम्मच , राई का आधा चम्मच , हींग एक चुटकी भर , एक बड़ा प्याज बारीक़ कटा हुआ , २ मध्यम आकार के टमाटर छोटे -छोटे टुकड़ों में कटे हुए, गरम मसाला, एक करछी अथवा २ बड़े चम्मच तेल, दो-तीन हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ हरा धनिया ।
विधि- दाल को दो- तीन बार धो लें । फिर दस मिनट के लिए भिगो दें । फिर गैस पर कड़ाई रखें । उसमें तेल डाल दें और तेल के गरम होने पर राई, जीरा और हींग डाल दें । जैसे ही राई तड़कने लगे और जीरा थोडा भूरा हो जाए , प्याज के बारीक कटे हुए टुकड़े डाल दें । प्याज़ जब थोड़ा लाल हो जाए तो टमाटर के छोटे-छोटे कटे टुकड़े डाल दें । इसके साथ ही हरी मिर्च को भी छोटा-छोटा काट कर डाल दें । नमक और हल्दी डाल कर ढक कर मध्यम आंच पर पकने दें ताकि टमाटर के टुकड़े नर्म हो जाएं । बीच-बीच में करछी से हिलाते रहें ताकि मसाला जले नहीं । करीब दस मिनट में यह पूरा मसाला तैयार हो जाएगा । जैसे ही तेल मसाले से अलग होता दिखाई दे , फौरन उसमें दाल से पानी निकाल कर दाल और बारीक कटी हुई पत्ता गोभी पानी से धोकर डाल दें । अच्छी तरह से हिलाकर , ढक्कन से ढककर धीमी आंच पर पकने के लिए रख दें । बीच-बीच में हिलाते रहें । पत्ता गोभी से पानी छूटेगा और उसमें दाल भी गल जाएगी । दाल का दाना सब्जी बनने पर दिखेगा पर दाल गल जाएगी । पानी सूख जाने पर और दाल के गल जाने पर गैस बंद कर दें । गरम मसाला मिला कर सब्जी हिला लें । इस सब्जी को परोसने वाले बर्तन में उलटा लें और उस पर बारीक कटा हुआ धनिया सजा दें । चाहें तो सख्त टमाटर के गोल टुकड़े, नीबू के टुकड़ों और हरी मिर्च को बीच में से चीर कर सजा कर परोसें ।
नोट - यह सब्जी सादे पराठों के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती है ।
तैयार होने का समय - इस सब्जी के तैयार होने में २५ से तीस मिनट लगते हैं ।
No comments:
Post a Comment