१३९. कांजी - Carrot Kanji
सामग्री - एक किलो काली लाल गाजर , ४ बड़े चम्मच राई , एक बड़ा चम्मच पिसी लाल मिर्च , नमक अंदाज से या स्वादानुसार ।
विधि - गाजरों को छीलकर कर काट लें । किसी मटके या चीनी (बॉन चाईना ) के बर्तन में ४-५ लीटर पानी डालें । पानी में नमक , पिसी राई और लाल मिर्च पाउडर डाल दें । अच्छी तरह मिलाएँ । फिर कटे और धुले गाजर के टुकड़े भी डाल दें । मटके के मुँह को कपड़े से अच्छी तरह से बंद कर कड़ी धूप में रखें। पानी जामुनी अथवा बैंगनी रंग का हो जाए तो कांजी तैयार समझें । यह सर्दी के मौसम में बनती है उत्तर भारत में । बहुत ही स्वाद लगती है ।
१४०. डोली या खमीरी पूरी -Doli or Khameeri Puri
सामग्री - एक चम्मच खसखस , सौंफ एक चम्मच , चने की दाल एक बड़ा चम्मच , दालचीनी २-३, जायफल आधा , नमक अंदाज से , तेजपत्ता चार -छ : , मोटी /बड़ी इलायची दो , चार लौंग , आटा , तेल अंदाज से ।
विधि - एक पतीले में पानी उबाला ,सौंफ डाले , थोड़ी देर पकने पर पानी उतार लिया । दूसरे बर्तन में दाल , दाल चीनी , थोड़ा जायफल, तेजपत्ता, लौंग , इलायची , खसखस डालकर ऊपर से सौंफ वाला गर्म पानी डाल दें । इसको ढक कर एक कंबल में लपेट कर रखें । फिर ठंडा होने पर पानी को छानें और गेहूँ का आटा सान लें । आटा सानते समय नमक भी मिला लें । आटा पूरी के आटे की तरह गूंथे । फिर इस आटे को ढककर हलकी धूप में दो से चार घंटे रखें । फिर कढ़ाई में तेल गर्म करें और छोटी -छोटी पूरियाँ तल लें । याद रखें कि पूरियाँ बेलने के बाद कम्बल में १ या २ घंटे रखनी है । भीगी चने की दाल सूखी बनाकर भी इन पूरियों में भर कर इन्हें तल सकते हैं । भीगी चने की दाल को अपने पसंद के अनुसार बनाएँ ।
भीगी चने की दाल को बनाने के लिए कढ़ाई में थोड़ा तेल लें । बारीक़ कटे प्याज उसमें डालें । जब ये लाल हो जाएँ तो हरी मिर्च बारीक काटकर डाल दें । फिर उसमें दाल डाल दें और हल्दी व नमक डालकर उसे धीमी आँच पर पकाएँ । पकने के लिए यदि थोड़ा पानी डालना पड़े तो डालें पर पानी को पूरा सुखा लें । दाल गल जाने पर उसमें लाल मिर्च, गर्म मसाला और कटा बारीक हरा धनिया डाल दें । फिर इसे पूरियों में भरकर पूरी तल लें।
दूसरी बात इस पूरी के आटे का थोड़ा सा भाग यदि आप अपने मित्र को देना चाहें और वे इस आटे के साथ थोड़ा और आटा मिलाकर गुंथेगा और वैसे ही गुंथे आटे को दो से चार घंटे रखेगा तो समान पूरी तैयार कर सकेगा ।
No comments:
Post a Comment